गुना जिले के म्याना स्थित सिविल अस्पताल में रविवार सुबह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक घबराई हुई बच्ची का हाथ पकड़कर उसे सर्वाइकल कैंसर से बचाव की एचपीवी वैक्सीन लगवाई और अस्पताल का निरीक्षण किया। वर्तमान में जिलेभर में 14 वर्ष तक की बच्चियों के लिए टीकाकरण और जागरूकता अभियान जारी है। रविवार सुबह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जिले के म्याना इलाके के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जायजा लिया और सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इसी दौरान टीकाकरण के लिए वहां पहुंची एक बच्ची से भी उन्होंने मुलाकात की। उन्होंने अपने सामने ही बच्ची को इंजेक्शन लगवाया। टीकाकरण के दौरान बच्ची इंजेक्शन के डर से घबराई हुई थी। सिंधिया ने बच्ची का हाथ पकड़ा और कहा, “कुछ नहीं होगा। मैं रोज इंजेक्शन इंजेक्शन लगवाता हूं।” इसके बाद बच्ची को इंजेक्शन लगाया गया। कलेक्टर और सीएमएचओ के निर्देश पर चल रहा अभियान सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिलेभर में 14 वर्ष तक की बच्चियों और छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में यह टीकाकरण और जागरूकता का काम हो रहा है। स्कूलों में छात्राओं को दी जा रही टीकाकरण की जानकारी जिलेभर में टीकाकरण के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। मानस भवन के पास स्थित सरकारी स्कूल के कार्यक्रम में छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के महत्व और लाभ की जानकारी दी गई। विद्यालय प्रभारी शिक्षक नरेंद्र भारद्वाज और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर रेखा शर्मा ने छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया।
बच्ची का हाथ पकड़कर सिंधिया ने लगवाई एचपीवी वैक्सीन:गुना के म्याना अस्पताल में बोले- कुछ नहीं होगा, मैं रोज इंजेक्शन लगवाता हूं
