पलवल में एक्सीडेंट में बाइक सवार की मौत:साथी घायल, पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर; ड्राइवर पर केस दर्ज

Spread the love

पलवल जिले में नेशनल हाईवे-19 पर बामनीखेड़ा गांव के फ्लाईओवर के ऊपर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी हरिशंकर के रूप में हुई है। सदर थाना इंचार्ज सुंदरपाल के अनुसार, मृतक के भाई तेजपाल ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि हरिशंकर और उसका साथी राजकुमार 13 मार्च की रात करीब 12 बजे बाइक पर रोहतक से अपने गांव जा रहे थे। तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर जैसे ही वे दोनों NH-19 पर बामनीखेड़ा फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ड्राइवर ने लापरवाही और तेज गति से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। हादसे में हरिशंकर को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राजकुमार को भी काफी चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। ड्राइवर पर केस दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान हरिशंकर के रूप में की और पुलिस को शिकायत सौंपी। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर पर केस दर्ज कर लिया है।