रील बनवा रहे युवक की मौत,VIDEO:नूंह में रेडबुल पीते हुए दोस्त संग हाईवे पर चल रहा था, पीछे से आए कैंटर ने उड़ाया

Spread the love

हरियाणा के नूंह में शनिवार को एक युवक की रील बनवाते समय मौत हो गई। युवक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अपने दोस्त के साथ रेडबुल (एनर्जी ड्रिंक) पीते हुए रील बनवा रहा था, जबकि इनका तीसरा दोस्त वीडियो शूट कर रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों साथी बाल-बाल बच गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मांडी खेड़ा के सरकारी अस्पताल में रखवा दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। 12वीं का छात्र था मोइन मृतक की पहचान शाहपुर नगली गांव के रहने वाले 19 वर्षीय मोइन के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। शनिवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 59 के पास गया था। उन्होंने अपनी बाइक हाईवे के नीचे खड़ी की और फिर तीनों युवक इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए हाईवे के ऊपर चले गए। ओवरटेक करते हुए आया कैंटर मोइन अपने दोस्त साद के साथ हाईवे पर चलते हुए रील शूट करवा रहा था, जबकि तीसरे दोस्त ने मोबाइल पकड़ा हुआ था। मोइन हाथ में रेडबुल का केन लेकर चल रहा था। तभी हाईवे की लेन पर पीछे से तेज गति से आ रहे एक कैंटर ने, जो अन्य वाहनों को ओवरटेक कर रहा था, मोइन को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोइन के दोनों साथी दूर जा गिरे, हालांकि उन्हें ज्यादा चोटें नहीं आईं। लोगों ने पुलिस को सूचना दी घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मोइन के शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसके परिवार को घटना की जानकारी दी गई। SHO बोले- ड्राइवर की पहचान कर रहे फिरोजपुर झिरका के थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस कैंटर चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे जैसी तेज रफ्तार वाली सड़कों पर रुककर रील बनाने या अन्य अनावश्यक गतिविधियां करने से बचें, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।