फरीदाबाद में व्यक्ति ने पेड़ से लगाई फांसी:सरकारी अस्पताल के पास लटका मिला शव, पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी

Spread the love

फरीदाबाद में बल्लभगढ़ से गुजरने वाले नेशनल हाईवे स्थित सरकारी अस्पताल की दीवार के पास लगे एक पेड़ से फंदा लगाकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर थाना आदर्श नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान व पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि अस्पताल के पास एक पेड़ पर व्यक्ति का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। वहां पाया गया कि व्यक्ति ने किसी कपड़े के सहारे पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। क्रीम कलर की टी शर्ट और काले रंग की पेंट पहनी
प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक ने क्रीम रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।