हरियाणा में किसान की गंडासे से काटकर हत्या:अंबाला में भैंस चुराने आए बदमाशों से भिड़ा; साथी भी लहूलुहान, भाग रहे चोरों की गाड़ी पलटी

Spread the love

हरियाणा के अंबाला में गुरुवार रात पशु चोरों ने एक 52 वर्षीय किसान की गंडासे से हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए एक अन्य बुजुर्ग को भी बुजुर्गों ने बुरी तरह मारा। वारदात के बाद बदमाश भैंसों को पिकअप में लादकर भाग गए, लेकिन गाड़ी हाईवे पर पलट गई। इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये बदमाश पहले भी इन वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी चोरी की थी। देखें किसान की हत्या से जुड़ी PHOTOS… अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… हर रोज पशुओं के पास ही सोते थे कालपी गांव के सरपंच रिंकू ने कहा कि जयदयाल हमेशा पशुओं के पास ही सोते थे। बदमाशों ने बेरहमी से उनकी जान ली और भैंसें लूट ले गए। गाड़ी पलट जाने से भैंसे तो मिल गई, लेकिन जयदयाल की जान नहीं बची। बुजुर्ग राम रतन की हालत भी गंभीर है। मृतक के भाई अमरजीत और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। वारदात के बाद से ग्रामीण भयभीत हैं। वहीं जयदयाल के परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस बोली- चोरी की गाड़ी से आए थे चोर घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी बराड़ा सुरेश शर्मा और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल भेजा। डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बदमाशों ने जिस पिकअप गाड़ी का इस्तेमाल किया, वह भी चोरी की है। आरोपियों ने लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। हम सुरागों के आधार पर गिरोह की पहचान कर रहे हैं।