यमुनानगर में युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास:मंगेतर ने शादी से मना कर किया ब्लॉक; सुसाइड नोट मिला, चाचा-फूफा और कजिन को ठहराया जिम्मेदार

Spread the love

यमुनानगर जिले में मंगेतर द्वारा शादी से मना करने और फोन पर ब्लॉक करने से आहत एक युवती ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। युवती ने पहले फिनाइल पी लिया, फिर ब्लेड से अपने बाजू पर कट लगा लिए और इसके बाद फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। युवती ने कमरे में एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। घटना का पता उस समय चला जब युवती की बहन उसे ढूंढते हुए कमरे में पहुंची। उसने देखा कि युवती फंदा लगाने की कोशिश कर रही है। बहन ने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और परिजनों के बयान दर्ज किए। डॉक्टरों ने युवती को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मंगेतर ने फोन पर कर दिया ब्लॉक युवती की पहचान आजाद नगन निवासी 22 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। रजीन ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसका रिश्ता बराड़ा निवासी उसके फूफा व बूआ संजीव सहगल और उसकी पत्नी ऊषा रानी ने कराया था। इस रिश्ते को करीब 2 साल हो चुके हैं। युवती के अनुसार उसकी मां और उसने कई बार शादी जल्दी कराने के लिए कहा, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता रहा। चाचा और ताऊ के बेटे पर लगाए आरोप युवती ने सुसाइड नोट में यह भी आरोप लगाया कि उसके चाचा ललित और ताऊ के बेटे राहुल ने उसके बारे में गलत रिकॉर्डिंग उसके मंगेतर को भेज दी। इसके बाद मंगेतर ने फोन कर कहा कि वह उससे शादी नहीं करेगा और उसे फोन पर ब्लॉक कर दिया। युवती का आरोप है कि मंगेतर ने यह कदम संजीव सहगल, चाचा ललित और राहुल के बहकावे में आकर उठाया। आजाद नगर गली नंबर-6 निवासी चीनू ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा है। उसकी 22 वर्षीय बेटी रजनी की सगाई करीब 2 साल पहले बराड़ा के एक युवक से हुई थी, जो स्पेन में रहता है। युवक जब 2 साल पहले स्पेन से भारत आया था, तभी दोनों की सगाई कराई गई थी। देवर की बेटी की सगाई में बेटे को पीटा इसके बाद युवक वापस स्पेन चला गया और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। परिजनों का आरोप है कि सगाई के बाद से ही वे शादी जल्दी कराने के लिए अपने बहनोई संजीव सहगल से कहते रहे, जिसने यह रिश्ता कराया था, लेकिन वह हर बार किसी न किसी बहाने से बात टालता रहा। चीनू ने बताया कि कुछ दिन पहले वे अपने देवर की बेटी की सगाई में गए थे। इस दौरान पुरानी रंजिश के चलते देवर ने उसके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो 7-8 युवकों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की। चाचा ने मंगेतर को भेजी कॉल रिकॉर्डिंग इस घटना के बाद उसकी बेटी रजनी ने गुस्से में देवर की बेटी को फोन कर कहा कि तेरे बाप ने मेरे भाई को इतना क्यों मारा। आरोप है कि इसके बाद देवर ने फोन कॉल की रिकॉर्डिंग कर उसे रजनी के मंगेतर को भेज दी और उसके बारे में गलत बातें कहकर शादी तुड़वाने की कोशिश की। रात को चुपचाप दूसरे कमरे में किया आत्महत्या का प्रयास परिजनों का कहना है कि इसके बाद युवक ने रजनी से बात करना बंद कर दिया और उसे फोन पर ब्लॉक कर दिया। इससे परेशान होकर बुधवार रात जब घर के सभी लोग सो रहे थे, तब रजनी चुपके से दूसरे कमरे में चली गई। वहां उसने अपनी बाजू को ब्लेड से काटा, फिनाइल पी लिया और फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में चंडीगढ़ PGI रेफर इसी दौरान उसकी बहन की आंख खुल गई। वह रजनी को ढूंढते हुए कमरे में पहुंची तो उसे फंदा लगाने का प्रयास करते देखा। उसने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। इसके बाद परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार उन्होंने युवक को पूरी बात बताकर समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद वह उनकी बात समझ गया। फिलहाल युवती का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।