आगरा से यूपी ATS ने आदर्श कुमार उर्फ लकी को अरेस्ट किया है। आदर्श भारतीय नौसेना में लांस नायक है। आदर्श पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहा था। उसने ISI एजेंट को देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और डिटेल्स भेजी हैं। कोर्ट में पेश करके आदर्श को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। ATS सूत्रों के अनुसार- 3 साल पहले आदर्श कुमार की इंस्टाग्राम पर आशी नाम की लड़की से दोस्ती हुई थी। ये आईडी ISI के हैंडलर की थी। जिसने आशी नाम से आईडी बनाकर आदर्श को फंसाया। दोनों के बीच बात बढ़ी तो नंबर शेयर हुए। फिर लगातार बातचीत होने लगी। आशी ने व्हाट्सएप पर देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और डिटेल्स मंगा ली। इसके एवज में आदर्श के बैंक खाते में रुपए भेजे गए। एटीएस ने डेढ़ साल पहले कुछ लोगों ने उठाया था। पूछताछ में उन लोगों ने आदर्श कुमार का नाम लिया था। तब से एटीएस आदर्श पर नजर रखे थी। टीम को जब लगा कि आदर्श हनीट्रैप में बुरी तरह फंस चुका है, तो उसे पकड़ा गया। आदर्श ने साल 2021 में नौसेना में लांस नायक के पद पर ज्वाइन किया था। उसकी तैनाती कोच्चि (केरल) में दक्षिणी नेवल कमांड में थी। उसकी 22 दिन पहले शादी हुई थी। हनीमून मनाने दुबई गया था। 3 दिन पहले ही वहां से लौटा था। हालांकि, उसके पिता ने दावा किया कि बेटा दुबई नहीं, मनाली गया था। आदर्श की गिरफ्तारी के बाद गांव का माहौल क्या है? गांव के लोगों से उसका व्यवहार कैसा था? लोग अब उसके बारे में क्या सोचते हैं? आदर्श के घरवाले क्या कहते हैं? आदर्श की शादी जिस लड़की से हुई वह कहां है? इन सवालों के जवाब जानने के लिए दैनिक भास्कर ऐप की टीम आगरा मुख्यालय से लगभग 38 किमी. दूर कागारौल के चीतपुर गांव पहुंची। गांव वालों और घर वालों से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले गांव का हाल… आदर्श की गिरफ्तारी के बाद गांव में सन्नाटा है। भास्कर टीम जब गांव में पहुंची, तो एक घर के बाहर कुछ लोग खड़े दिखाई दिए। ये सभी लोग आदर्श कुमार के बारे में ही बात कर रहे थे। गांव वालों का कहना है कि यकीन करना मुश्किल हो रहा है। आदर्श ऐसा कैसे कर सकता है? वह गांव में सभी से मिलता-जुलता था। वह सीधा था। आदर्श कुमार उर्फ लकी देश के साथ गद्दारी नहीं कर सकता है। गांव के प्रकाश ने बताया कि आदर्श कुमार परिवार में सबसे छोटा है। घर से लगभग 10 किमी. दूर अकोला स्थित एसजी पब्लिक स्कूल से उसने हाईस्कूल और इंटर पास किया था। अब आदर्श कुमार के घर का हाल जानिए… गांव के दूसरे छोर पर तालाब किनारे बलवीर चाहर का 2 मंजिला पक्का घर है। इसी घर में बलवीर अपने तीन भाइयों के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। आदर्श कुमार उर्फ लकी बलवीर चाहर का बेटा है। उससे बड़ी तीन बहनें और हैं। बलवीर चाहर के दो और भाई समुद्र सिंह और किशोर सिंह भी इसी घर में रहते हैं। बलवीर सिंह अपने भाई समुद्र सिंह के साथ शराब की दुकान पर काम करते हैं। किशोर सिंह दूध का काम करते हैं। देश से गद्दारी करने के आरोप में आदर्श कुमार के पकड़े जाने के बाद सभी लोग घर में कैद हैं। कोई भी सदस्य घर के बाहर नहीं निकल रहा है। परिवार के सदस्य कमरे से तभी बाहर निकल रहे हैं, जब वे खिड़की से झांक कर देख लेते हैं कि आसपास कोई है तो नहीं। परिजनों की शर्मिंदगी का आलम ये है कि बाइक से दूध की टंकी अभी तक नहीं उतारी गई है। इन टंकियों को 2 दिन से धोया भी नहीं गया है। परिवार का कोई सदस्य गांव वालों से भी नहीं मिल रहा है। ATS ने जब से आदर्श कुमार को पकड़ा है, तब से उसकी पत्नी घर में कैद है। अब पिता की बात, पढ़िए उन्होंने क्या कहा? पिता बोले- मेरे बेटे को फंसाया जा रहा
बेटे की गिरफ्तारी के 28 घंटे बाद आदर्श कुमार के पिता बलवीर सिंह चाहर मीडिया के सामने आए। बुधवार दोपहर बाद उन्होंने कहा- हमने तो अपने बेटे को देश की रक्षा के लिए समर्पित किया था। उसे अब किसी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। मेरा बेटा निर्दोष है। निष्पक्षता से इसकी जांच होनी चाहिए। हमारा किसान परिवार है। उसी हिसाब से हम गुजर-बसर कर रहे हैं। चाहें तो हमारे खाते भी चेक कर सकते हैं। हमने बेटे के भी खाते चेक किए हैं, उसके भी खाते में कोई ज्यादा रकम नहीं आई है। हमारी जांच कराई जा सकती है। अगर हमने कहीं भी रकम को इनवेस्ट किया होगा तो वह सामने आ जाएगा। हमारे खातों की भी जांच कराई जा सकती है। अब गांववालों की बात, पढ़िए पाकिस्तानी एजेंट नहीं हो सकता आदर्श
गांव के रहने वाले मनीष चाहर कहते हैं- मैं रोडवेज में परिचालक हूं। आदर्श मेरे साथ बस में बैठकर आगरा कोचिंग करने जाता था। आदर्श ऐसा नहीं कर सकता। अगर, सूचनाएं भेजने के एवज में उसे रकम मिली होती तो वह सामान्य जीवन क्यों जीता? घर में भी सामान्य है। रहन-सहन, खान-पान बिलकुल सामान्य है। आदर्श की शादी के बाद एक दिन मुझे कुछ पैसों की जरूरत पड़ी। मैंने आदर्श से 2 हजार रुपये मांगे। तब आदर्श ने कहा था कि मेरे पास नौकरी ज्वाइन करने जाने के लिए भी पैसे नहीं हैं। अगर उसके पास 2 नंबर का पैसा होता तो वह दे देता। आदर्श इतना सीधा था कि वह पाकिस्तानी एजेंट हो नहीं सकता। उसे फंसाया जा रहा है। आदर्श में कोई चेंज नजर नहीं आता था
गांव के रहने वाले पवन कुमार ने बताया- आदर्श गांव के ही दूसरे लड़कों की तरह से है। उसका सबसे मेलजोल है। नौकरी लगने के बाद भी उसमें कोई चेंज नहीं आया था। आदर्श और उसका परिवार जैसा पहले था, वैसा ही अब है। जयपाल सिंह ने बताया कि आदर्श कुमार काफी सीधा सादा लड़का है। गांव में आज तक उसकी कोई शिकायत नहीं आई। पढ़ाई-लिखाई में काफी तेज था। उसने अपनी काबिलियत के दम पर भी नेवी में नौकरी पाई। हनीमून से लौटा तो ATS ने पकड़ा
आदर्श कुमार की 19 फरवरी को उसकी शादी मथुरा के विशावर की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी समारोह आदर्श के गांव कागारौल के सूरज गार्डन में हुआ था। होली बाद वह हनीमून मनाने कुल्लू-मनाली गया था। सोमवार को ही वह लौटकर आया था। मंगलवार को ATS ने उसे दबोच लिया। आगरा से कब-कब पकड़े गए जासूस? 14 मार्च, 2025: रवींद्र कुमार (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मचारी) किसने पकड़ा: यूपी ATS आरोप: पाकिस्तान की महिला हैंडलर के हनीट्रैप में फंसकर रक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी भेजना। 14 मार्च, 2025: रवींद्र कुमार का एक सहयोगी भी पकड़ा गया आरोप: ISI हैंडलर को संवेदनशील सूचनाएं साझा करने में मदद। 27 सितंबर, 2023: शैलेश कुमार किसने पकड़ा: यूपी ATS आरोप: फेसबुक के जरिए ISI हैंडलर से संपर्क कर सेना से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा करना। सभी केस में एक पैटर्न ▪️ अधिकतर मामलों में सोशल मीडिया (Facebook/WhatsApp) के जरिए संपर्क।
▪️ कई मामलों में हनीट्रैप या पैसों का लालच।
▪️ निशाना अक्सर रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़े कर्मचारी या संवेदनशील जानकारी रखने वाले लोग। —————————-
ये खबर भी पढ़िए- हनीमून मनाकर दुबई से लौटा नौसैनिक गिरफ्तार:आगरा में 22 दिन पहले हुई थी शादी, पाकिस्तान को भेजी युद्धपोतों की तस्वीरें यूपी ATS ने आगरा से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। वह भारतीय नौसेना यानी नेवी में लांस नायक है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहा था। उसने ISI एजेंट को देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और डिटेल्स भेजी हैं। ATS ने मंगलवार को आरोपी आदर्श कुमार उर्फ लकी को आगरा में उसके गांव कागारौल थाने के गांव चीतपुर से दबोचा।पढ़ें पूरी खबर
लांस नायक ने हनीट्रैप में पाकिस्तान भेजी युद्धपोतों की डिटेल्स:आगरा में आदर्श के खाते में आए थे पैसे; गांववाले बोले- गद्दारी नहीं कर सकता
