अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में आज यमुनानगर शहर में किसानों द्वारा ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के आह्वान पर जगाधरी ब्लॉक के किसान सुबह 10 बजे जगाधरी अनाज मंडी में अपने ट्रैक्टरों के साथ एकत्रित हुए। वहां से किसानों ने शहर में प्रदर्शन करते हुए तहसील कार्यालय और डीसी कार्यालय तक ट्रैक्टर मार्च निकाला। किसानों ने करीब 11 बजे डीसी कार्यालय के बाहर अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी मौजूद रहा। फसल और आय पर बुरा असर भाकियू जिला अध्यक्ष के नेता मनदीप ने मार्च की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा किए गए कृषि समझौते भारतीय किसानों के हित में नहीं हैं और इससे देश के छोटे किसानों पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हजारों एकड़ जमीन वाले बड़े किसान हैं, जबकि भारत में अधिकांश किसान दो से तीन एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में अमेरिका से कृषि उत्पाद भारत में आने पर यहां के किसानों की फसल और आय पर बुरा असर पड़ेगा। इस मुद्दे को लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। मनदीप ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 23 मार्च को पिपली अनाज मंडी में बड़ी किसान रैली आयोजित की जाएगी। गांवों से ट्रैक्टर लेकर मंडी पहुंचे किसान रैली से पहले पूरे प्रदेश में ट्रैक्टर मार्च कर सरकार को जगाने और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाकियू नेताओं ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च को लेकर जगाधरी ब्लॉक के कई गांवों—कैल, रुला खेड़ी, हरीपुर, हरनौल, खेड़ा और मानकपुर—में जाकर किसानों से अपील की गई थी कि वे अपने ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में जगाधरी अनाज मंडी पहुंचें। अब यही किसान पिपली पहुंचकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
यमुनानगर में किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च:अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किया विरोध, डीसी कार्यालय पर जलाई प्रतियां
