तीसरी बेटी पैदा होने के कारण गईं 4 जान:मायके वालों का आरोप-हत्या की गई; नूंह कुएं में मिले मां व 3 बेटियों के शव

Spread the love

हरियाणा के नूंह के गांव बदोपुर में कुएं में मां व तीन बेटियों के शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पिता हनीफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दामाद बेटा न होने से खफा था। साहिला (28) के 6 महीने पहले तीसरी बेटी हुई थी। उसके बाद से दामाद प्रताड़ित कर रहा था। रविवार शाम को रोजा इफ्तारी के बाद सहिला के तीन बेटियों के साथ कुएं में गिरने की बात सामने आई। 7 व 4 साल की बेटियों की लाश पहले मिल गई। सोमवार दोपहर में साहिला व छह महीने की बच्ची की लाश कुएं से निकाली गई। बच्ची मां की पीठ पर बंधी थी।

जानिये…मायके वालों ने क्या आरोप लगाए 8 साल पहले शादी, दहेज के लिए प्रताड़ित किया मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजस्थान के कोटा निवासी हनीफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी साहिला की शादी वर्ष 2018 में बदोपुर गांव निवासी शाहिद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। बेटियां पैदा होने से नाखुश था दामाद शिकायतकर्ता के अनुसार, साहिला की पहले दो बेटियां हुईं। हाल ही में उसने तीसरी बेटी को जन्म दिया था। बेटा न होने की बात को लेकर ससुराल पक्ष अक्सर उसे ताने देता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। इस बात को लेकर परिवार में कई बार झगड़े भी हुए थे। परिजनों का आरोप- मारकर कुएं में फेंका परिजनों का आरोप है कि साहिला की हत्या कर उसकी तीनों मासूम बेटियों समेत शवों को कुएं में डाल दिया गया। फिरोजपुर झिरका डीएसपी अजायब सिंह के अनुसार, पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। ससुराल के 7 लोगों पर केस दर्ज फिरोजपुर झिरका के सदर थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि इस मामले में ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला स्तर पर टीमें गठित की गई हैं और सीआईए स्टाफ को भी जांच में लगाया गया है। हर पहलू से जांच की जा रही है।

70 फुट गहरे कुएं से मिले शव 28 वर्षीय साहिला, बेटी अक्सा (7), सानोफिया (4) और 6 महीने की बच्ची को साथ लेकर गांव के कुएं की ओर गई थी। उनका पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दो बड़ी बच्चियों के शव 70 फुट गहरे कुएं से मिल गए। साहिला व छोटी बच्ची का शव सोमवार को निकाला गया। बच्ची पीठ पर चुनरी के साथ बांधी गई थी।

पति से हुआ था झगड़ा पड़ोसियों की मानें तो महिला और पति शाहिद हमेशा लड़ते रहते थे। साहिला ने अपना सारा जेवर पिता हनीफ को दिया हुआ था, जिसकी वजह से पति शाहिद ओर उसके बीच लड़ाई झगड़ा होता था। इस वजह से पत्नी अभी कुछ दिन पहले ही मायके से आई थी। रविवार शाम को करीब पति-पत्नी के बीच कुछ कहासुनी हुई थी। रोजा भी रखा हुआ था।