कैथल जिले में कार की टक्कर से करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति एक ऑटो में सवार होकर अपने गांव काकोत जा रहा था। करनाल रोड पर कार ड्राइवर ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस संबंध में मृतक व्यक्ति के बेटे ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बेटे संग दवाई लेने आए थे गांव काकोत के हरीश कुमार ने सिविल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि उसकी पंथ नगर कैथल में मेडिकल की दुकान है। पांच मार्च को उसके पिता ओमप्रकाश उर्फ ओमा उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरकारी अस्पताल कैथल दवाई लेने के लिए आए थे। दवाई लेने के बाद उसने अपने पिता को गांव के देसराज के ऑटो में करनाल रोड से बैठा दिया। जब उनका ऑटो डिफैंस कालोनी गली नंबर 9 के नजदीक पहुंचा, तो गली में से एक गाडी तेजगति से करनाल रोड पर आई और ऑटो को टक्कर मार दी। इस कारण ऑटो सवारियों सहित पलट गया। इलाज के दौरान मौत हादसे में उसके पिता और गांव के देसराज को काफी चोटें आई। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने उनको मौके पर बुलाया। वे दोनों को सरकारी अस्पताल कैथल लेकर गए। आज उसकी पिता की एक्सीडेंट में लगी चोटों के कारण मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कैथल में कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:ऑटो में बैठकर गांव जा रहा था, करनाल रोड पर हादसा
