गुरुग्राम में युवती पर एसिड अटैक:एक्स-बॉयफ्रेंड ने पहले पीटा, अस्पताल जाने पर फेंका तेजाब; चेहरा और शरीर झुलसा

Spread the love

गुरुग्राम शहर में रविवार देर रात जिला नागरिक अस्पताल में इलाज करवाने गई एक युवती पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। पीड़िता का चेहरा और शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। युवती के एक्स बॉयफ्रेंड पर हमला करने के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय युवती रविवार को अपनी मौसी से मिलने के लिए सुभाष नगर आई थी। नूंह का रहने वाला एक युवक उससे मिलने के लिए पीछे-पीछे आ गया। जहां पर युवती का और युवक का झगड़ा भी हुआ। युवक ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर आए। रात के वक्त हुआ हमला युवती रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के जिला नागरिक अस्पताल में आई थी। जहां आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद युवक फरार हो गया। युवती को तुरंत इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची अस्पताल मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर 10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि अभी तक पीड़िता के बयान नहीं लिए जा सके हैं। जिसके कारण केस भी दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच कर रही जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि एक युवती पर उसके बॉयफ्रेंड द्वारा ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की सूचना मिली थी। अभी लड़की स्टेटमेंट नहीं ली जा सकी है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए जा रहे हैं। आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।