हरियाणा में अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूरे हरियाणा में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। 11 मार्च और इसके बाद 14 मार्च को एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इनके प्रभाव से मार्च के पहले पखवाड़े में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा और बीच-बीच में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। कमजोर रहेंगे पश्चिमी विक्षोभ हालांकि ये पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहने की संभावना है, इसलिए इनका प्रभाव मुख्य रूप से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा। हरियाणा में केवल बादलों की आवाजाही और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। ज्यादा बारिश के आसार फिलहाल नहीं हैं, जिससे तापमान में केवल हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फसलों में दिखाई दे रहा असर पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान में लगातार हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसका असर खेतों में खड़ी फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। जिन फसलों को पकने में अभी 15 से 20 दिन का समय था, उनमें समय से पहले दानों में पकाव आने लगा है। यह स्थिति किसानों के लिए चिंता का विषय बन सकती है। फसलों की रखें निगरानी मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि बदलते मौसम को देखते हुए फसलों की नियमित निगरानी करें। बढ़ते तापमान के कारण खेतों में हल्की सिंचाई करते रहें और जरूरत पड़ने पर नजदीकी कृषि अधिकारियों से संपर्क करें। साथ ही आम लोगों को भी दोपहर के समय तेज धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। 19 मार्च को हो सकता है बदलाव मौसम विभाग के अनुसार मार्च के दूसरे पखवाड़े में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 19 मार्च के आसपास और उसके बाद मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
हरियाणा में अधिकांश शहरों का तापमान 35 पार:हिसार सबसे गर्म, समय से पहले पकने लगी फसलें; 19 मार्च से फिर बदलेगा मौसम
