फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित एडोर बिल्डर की हैपी होम, प्राइड और प्रिंसेस पार्क सोसाइटी में बिजली की गंभीर समस्या को लेकर शनिवार दोपहर निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सेक्टर-12 स्थित एडोर बिल्डर के ऑफिस के बाहर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया और कंपनी पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फ्लैट बेचते समय बिल्डर ने 24 घंटे बिजली सहित सभी सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन अब वह अपने वादों से पीछे हट गया है। निवासियों के अनुसार, सोसाइटी में केवल 10 से 12 घंटे ही डीजी सेट के जरिए बिजली दी जाती है, जबकि करीब 12 से 15 घंटे तक बिजली कटौती रहती है। इस कारण करीब 200 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि सर्दियों का मौसम तो किसी तरह बीत गया, लेकिन अब गर्मियों में इतनी लंबी बिजली कटौती के बीच रहना मुश्किल हो जाएगा। सरकारी बिजली लाइन और ट्रांसफॉर्मर तक नहीं लगाए गए प्रिंसेस पार्क आरडब्ल्यूए के प्रधान गौरव कुमार ने बताया कि पिछले छह से सात महीनों से एडोर बिल्डर की लापरवाही के कारण सोसाइटी के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि फ्लैट लेते समय बिल्डर ने भरोसा दिलाया था कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन आज तक सोसाइटी में सरकारी बिजली की लाइन तक नहीं लगाई गई है और न ही ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था की गई है। बिल्डर दे रहा सिर्फ आश्वासन गौरव कुमार ने बताया कि पिछले पांच महीनों से निवासी लगातार बिल्डर से सरकारी बिजली सप्लाई शुरू कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
वहीं, निवासी रूबी, रिंकू सिंह, गौरव शर्मा और कसुरेश ने बताया कि घरों में लगे इनवर्टर भी ज्यादा देर तक काम नहीं करते। इनवर्टर केवल एक से डेढ़ घंटे ही चलते हैं, जिसके बाद लोगों को अंधेरे में रहना पड़ता है। रात के समय कई बार डीजी सेट भी बंद कर दिया जाता है, जिससे रातभर परेशानी बनी रहती है। डीजी सेट की बिजली पर भी वसूले जा रहे अधिक पैसे निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि डीजी सेट से मिलने वाली बिजली के यूनिट के नाम पर उनसे अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि उन्होंने यह सोचकर यहां फ्लैट खरीदा था कि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन अब उन्हें बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया और सरकारी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हुई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
वहीं, जब इस पूरे मामले पर कंपनी प्रशासन से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।
फरीदाबाद की बिजली संकट पर लोगों का हंगामा:बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया; बोले- 12 से 15 घंटे तक लाइट की कटौती
