कुरुक्षेत्र में ट्रक में आग लगने से ड्राइवर जिंदा जला:पेड़ से टकराकर केबिन में फंसा; हाइड्रा से निकाला शव, यमुनानगर के लिए निकला था

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बीती रात बहलोलपुर गांव के पास पेड़ से टकराकर ट्रक में आग लग गई। इसमें ट्रक ड्राइवर जिंदा ही जल गया। आग से ट्रक का केबिन पूरी तरह से जल गया। बाद में पुलिस ने 2 हाइड्रा बुलाकर केबिन को तोड़कर शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान शाहाबाद के हबाना गांव के 57 साल के नासिर उर्फ बबला के रूप में हुई। नासिर ट्रक ड्राइवर थे और यमुनानगर के जठलाना की ट्रांसपोर्ट पर काम करते थे। घटना रात करीब 12 बजे की है। नासिर कल रात अपने घर से ट्रक (HR58F 6110) लेकर ट्रांसपोर्ट पर जा रहे थे। साथी राजेश के साथ चला पुलिस के मुताबिक, नासिर अपने एक साथी राजेश कुमार के साथ शाहाबाद से निकला था। दोनों अपने-अपने ट्रक लेकर यमुनानगर के लिए चले थे। रास्ते में नासिर एक ढाबे पर रुक गया और खाना खाने लगा। उसने राजेश को भी खाने के लिए रोकने की कोशिश की, लेकिन राजेश अपना ट्रक लेकर निकल गया। पेड़ टकराया ट्रक खाना खाने के बाद नासिर अपना ट्रक लेकर निकल लिया। जैसे ही नासिर बहलोलपुर गांव के पास पहुंचा तो उसका ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। टक्कर लगते ही ट्रक का डीजल टैंक लीक हो गया और पेड़ से टकराने के कारण फूटी लाइट से डीजल ने तुरंत आग पकड़ ली। भभक कर जलने लगा ट्रक
आग भभककर जलने लगी, जिससे ट्रक का केबिन बुरी तरह से जल गया। इस दौरान नासिर ट्रक के केबिन में फंस गया। टक्कर की वजह उसकी सीट आगे सरक गई और केबिन पिचक गया, जिसस नासिर सीट और स्टेयरिंग के बीच फंस गया। उसे बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। केबिन में जिंदा जला ड्राइवर बाहर नहीं निकलने के कारण नासिर ट्रक के केबिन के बीच में ही जिंदा जल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर ट्रक में आग लगी देख गांव के लोगों ने डायल-112 को कॉल किया। मौके पर पहुंचे कर्मियों ने आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें काफी भड़क चुकी थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने बुझाई आग सूचना पाकर लाडवा से फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची और 15-20 मिनट में आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक केबिन और नासिर जल चुके थे। बाद में पुलिस ने 2 हाइड्रा को बुलाकर ट्रक के केबिन को चौड़ा करके नासिर के शव को बाहर निकाला और ट्रक के पीछे लिखे नंबर पर कॉल कर ट्रांसपोर्ट पर घटना की जानकारी दी। पुलिस आज करवाएगी पोस्टमॉर्टम ट्रांसपोर्ट संचालक से सूचना पाकर नासिर का परिवार और दोस्त राजेश मौके पर पहुंच गए। बाबैन थाना पुलिस ने शव की पहचान के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आज नासिर के शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी। पुलिस नासिर के परिवार के बयान दर्ज कर रही है। उनके बयान के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।