भाजपा विधायक की सरकार को धमकी- उपचुनाव करा लो:अब ऊर्जा मंत्री विपक्षी नेता से बोले- इसकी औकात मालूम है; बस ड्राइवर बने गोपाल भार्गव

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। विधायक ने अपनी ही सरकार को दी चेतावनी
उज्जैन में जनता ने घेरा तो भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते नजर आए। उन्होंने सरकार और पार्टी संगठन को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जनभावनाओं का सम्मान नहीं होगा तो उपचुनाव करा लो। विधायक ने कहा कि अगर जनता का सम्मान नहीं होता, तो उनके विधायक बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। यह बयान आग की तरह फैल गया और सत्ता व संगठन तक भी पहुंच गया। इसके बाद विधायक के सुर कुछ नरम पड़ते नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो क्या वे उपचुनाव के लिए तैयार हैं? इस पर पहले उन्होंने हां कहा, लेकिन तुरंत बाद बोले- उपचुनाव के लिए तैयार नहीं। हमने प्रदेश अध्यक्ष से कहा है कि यदि जनभावना का सम्मान नहीं कर पाता हूं, अनके प्रकार के कष्ट आ रहे हैं शहर में और छोटी-छोटी बातों को तूल देकर काम किए जाते हैं तो ये ठीक नहीं है। दरअसल, उज्जैन शहर के एक इलाके में लोग सड़क चौड़ीकरण का विरोध कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर लोगों ने विधायक का घेराव कर दिया था। मौके की नजाकत को भांपते हुए विधायक अपनी ही सरकार के सामने खड़े हो गए। हालांकि उन्होंने पूरे विवाद का ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ दिया। विधायक ने यह भी कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता की मांगों को लेकर उनके साथ आंदोलन करेंगे और जरूरत पड़ी तो उसका नेतृत्व भी करेंगे। अब लोग कह रहे हैं कि विधायक के सामने एक तरफ कुआं और दूसरी तरफ खाई जैसी स्थिति बन गई है। जनता के साथ खड़े होकर उन्हें साधने की कोशिश तो कर ली, लेकिन अब सरकार को कैसे मनाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। विजयवर्गीय के नक्शे कदम पर चले ऊर्जा मंत्री
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को औकात में रहने को कहा था। लगता है इसके बाद से यह शब्द सियासत में ट्रेंड करने लगा है। अब ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी कुछ ऐसी ही भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए। दरअसल, ग्वालियर में आम आदमी पार्टी के नेता कुछ लोगों के साथ ऊर्जा मंत्री से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान मंत्री के एक कथित करीबी को लेकर उनसे शिकायत की गई और उन पर भूमाफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाए गए। इस बात को लेकर वहां तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान मंत्री ने आम आदमी पार्टी के नेता रोहित गुप्ता के बारे में कहा कि इसकी औकात मुझे मालूम है। यह सुनते ही रोहित गुप्ता और उनके समर्थक भड़क गए और मंत्री से ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करने को कहा। अब विरोधी दल के नेता मंत्री की इस भाषा को मुद्दा बनाकर घेरने में जुट गए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी भी मंत्री के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाने में लगी हुई है। कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सीएम पर किया तंज
मंदसौर में कांग्रेस कार्यकर्ता दूध की थैलियां लेकर खेत में पहुंच गए और उनकी बुआई करने लगे। यह सुनकर आप चौंक गए होंगे, लेकिन दरअसल यह कांग्रेस का एक अनोखा विरोध प्रदर्शन था। हुआ यूं कि कुछ दिन पहले विधानसभा में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के लिए किए गए काम गिना रहे थे। इसी दौरान उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा था कि हमने तय किया पशुपालन को बढ़ाना देने के लिए, दूध उत्पादन का रकबा बढ़ाने के लिए। ‘दूध उत्पादन का रकबा’.. मुख्यमंत्री के इन्हीं शब्दों को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया। इसके विरोध में मंदसौर में कांग्रेस कार्यकर्ता खेत में दूध की थैलियां लेकर पहुंचे और उनकी बुआई करने लगे। इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर तंज कसने की कोशिश की। भाजपा के विधायक गोपाल भार्गव ने चलाई बस
भाजपा के सबसे सीनियर विधायक गोपाल भार्गव बस ड्राइवर के रूप में नजर आए। उन्होंने स्टीयरिंग थामी और फर्राटे से बस दौड़ाई। दरअसल, गोपाल भार्गव ने अपनी विधानसभा क्षेत्र रहली से मरीजों को भोपाल भेजने के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू कर रखी है। कई बार मरीजों के परिजन भी उनके साथ जाते हैं, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए विधायक गोपाल भार्गव ने एक बस सेवा भी शुरू की है। जब इसके उद्घाटन की बारी आई तो खुद विधायक गोपाल भार्गव ड्राइविंग सीट पर बैठे और बस चलाकर इसकी शुरुआत की। अब गोपाल भार्गव के मंत्री बनने का इंतजार कर रहे उनके समर्थक कह रहे हैं कि हमारे गोपाल भैया हर काम में परफेक्ट हैं, बस उन्हें स्टीयरिंग थमाकर तो देखिए। इनपुट सहयोग – आनंद निगम (उज्जैन), रामेंद्र परिहार (ग्वालियर), शादाब चौधरी (मंदसौर) ये भी पढ़ें –
कार्यकर्ता ने तुड़वा दी शिवराज की कसम: टॉकीज में जमीन पर बैठे विजयवर्गीय; कीचड़ में लोट-पोट मंत्री एक कार्यकर्ता के अति उत्साह ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कसम तुड़वा दी। शिवराज सिंह के जन्मदिन के मौके पर इस कार्यकर्ता ने उन्हें माला पहना दी। जबकि शिवराज सिंह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वे फूलमालाओं से अपना स्वागत नहीं कराएंगे। पूरी खबर पढ़ें