हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की 12वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान सोनीपत जिले के गांव कटवाल में नकल कराने का एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है। इतिहास (History) और बायोलॉजी (Biology) की परीक्षा के दौरान एक निजी स्कूल की 3 महिला टीचर परीक्षा केंद्र के ठीक बाहर खड़ी एक कार में बैठकर पेपर हल कर रही थी। शिक्षा बोर्ड चेयरमैन के स्पेशल दस्ते (रैपिड एक्शन फोर्स) ने मौके पर रेड कर तीनों महिला टीचरों को रंगे हाथों दबोच लिया। इसे बाद उनको परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाया गया। आरोपी शिक्षिकाएं मोबाइल फोन की मदद से प्रश्न पत्रों को सॉल्व कर रही थीं। ये तीनों शिक्षिकाएं एक ही निजी स्कूल की हैं, जिनके छात्र उसी केंद्र के अंदर परीक्षा दे रहे थे। टीम ने इनके मोबाइल और हस्तलिखित पर्चियां बरामद की हैं। बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को सीनियर सेकेंडरी के 1,44,908 बच्चे शामिल हुए। डी.एल.एड. रि-अपीयर परीक्षा में 867 ने पेपर दिया। परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के उड़नदस्तों ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें नकल के कुल 30 मामले सामने आए। इस बीच ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में विभिन्न परीक्षा केंद्रों से 7 पर्यवेक्षकों को तुरंत कार्यभार मुक्त कर दिया गया है। चार पॉइंट में समझें पूरा मामला… 1. चेयरमैन स्पेशल RAF की सूचना पर एक्शन: शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन की स्पेशल RAF टीम को सूचना मिली थी कि सोनीपत जिले के कटवाल स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर एक कार में बैठकर कुछ लोग पेपर हल कर रहे हैं। सूचना मिलते ही केंद्र पर तैनात पुलिस व बोर्ड टीम ने तत्काल कार की घेराबंदी की। जांच के दौरान कार में बैठी तीन महिला शिक्षिकाएं मोबाइल और हस्तलिखित पर्चियों की मदद से पेपर सॉल्व करती हुई पाई गईं। 2. मोबाइल में मिलीं इतिहास और बायोलॉजी की पर्चियां: पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन बरामद किया, तो उसमें उस समय चल रही 12वीं की इतिहास और बायोलॉजी परीक्षा के सभी सेटों के प्रश्न पत्रों की फोटो और हस्तलिखित उत्तर (पर्चियां) मिलीं। 3. एक ही स्कूल की शिक्षिकाएं, अपने स्टूडेंट्स की कर रही थीं मदद: पकड़ी गई तीनों महिलाएं गांव कटवाल स्थित LG पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। इसी स्कूल के कई विद्यार्थी उसी परीक्षा केंद्र में एग्जाम दे रहे थे। आशंका है कि ये शिक्षिकाएं बाहर से पेपर हल कर किसी माध्यम से अंदर बैठे अपने छात्रों तक जवाब पहुंचाने में लगी थी। 4. केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को दी शिकायत: मामले का खुलासा होते ही परीक्षा केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन शिक्षिकाओं तक प्रश्न पत्र किसने और कब पहुंचाया। इसमें केंद्र के अंदर तैनात किसी कर्मचारी की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। जांच की जा रही है कि आखिर पेपर केंद्र से बाहर कैसे आया। केंद्र अधीक्षक बोले- मोबाइल में पर्ची मिली, अंदर सब ठीक था कटवाल में परीक्षा केंद्र के अधीक्षक जसबीर सिंह के अनुसार, 6 मार्च को 12वीं की परीक्षा थी। 2:50 बजे के करीब सेंटर से 300 दूर से चेयरमैन की RAF टीम की ओर से 3 महिलाओं को पकड़ कर लाया गया। महिलाओं के मोबाइल में वाट्सऐप पर हैंड रीटन पर्चियां मिली, जो कि आज के पेपर से संबंधित थी। इनके स्कूल के बच्चे वहां परीक्षा दे रहे थे। हालांकि जांच में किसी बच्चे के पास नकल की पर्ची नहीं मिली है। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। ड्यूटी में कोताही पर 7 पर्यवेक्षकों पर गिरी गाज बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के उडऩदस्ते द्वारा जिला-भिवानी, चरखी-दादरी व झज्जर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। जिला चरखी दादरी में 01 व भिवानी में 02 अनुचित साधन प्रयोग के केस पकड़े। शिक्षा बोर्ड ने आज सख्त रुख अपनाते हुए परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले निम्न पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त कर दिया है। पटौदी (पंचगांव केंद्र): वरुण यादव (TGT) और रणजीत सिंह (TGT) बरवाला-01 केंद्र: जसविंदर सिंह (PTI) गुरुग्राम (नथुपुर केंद्र): अजय कुमार (TGT)। फरमाना-03 केंद्र: अनिल कुमार (PTI) और सोमबीर सिंह मलिक (PRT) पाडला (कैथल): नरेश कुमार (TGT)
सोनीपत में कार में पेपर सॉल्व करती 3 टीचर पकड़ीं:मोबाइल में मिली 12वीं के प्रश्नों की पर्चियां; प्रदेश में नकल के 30 केस, 7 पर्यवेक्षक हटाए
