पिपलीनाका क्षेत्र चौड़ीकरण करण को लेकर अपनी ही सरकार के निर्णय से क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा अब मुखर हो गए हैं। गुरुवार सुबह क्षेत्रवासियों ने उनके कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया था। इसके बाद अब उन्होंने सड़क को 24 मीटर से ज्यादा चौड़ी करने पर विरोध कर रहे लोगों की तरफ से नेतृत्व करने की बात कह दी है। पिपलीनाका और गढ़कालिका से भैरूगढ़ तक के सड़क चौड़ीकरण को लेकर मंगलवार को नगर निगम ने प्रभावितों को नोटिस वितरित किए थे। नोटिस में भवन स्वामियों को प्रभावित हिस्सों को 7 दिन में खाली करने का समय दिया है। नोटिस जारी होने के बाद कई घरों का हिस्सा 10 फीट का तो कुछ का 20 फीट तक बच रहा है।
कई परिवार की रोजी-रोटी चलाने की भी दिक्कत आने की संभावना है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के डर से बड़ी संख्या में प्रभावित महिला, पुरुष बच्चों को लेकर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के आगर रोड स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां पर करीब आधे घंटे इंतजार के बाद जब विधायक जैन पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने उन्हें घेर लिया था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन करते हुए विधायक की गाड़ी के सामने बैठे और उनके सामने प्रदर्शन किया। विधायक बोले- आंदोलन का नेतृत्व करूंगा
विधायक ने कहा कि आज जो लोग प्रदर्शन करने आए थे, उनके दुःख-दर्द को समझते हुए मैंने क्षेत्रवासियों को वचन दिया। 24 मीटर की ही रोड होगी, नहीं तो आपका विधायक आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। जन आंदोलन करेंगे और मैं उसका नेतृत्व करूंगा। कलेक्टर से बोला है कि आप सीएम से बात करें।
हमने प्रदेश अध्यक्ष से कहा है कि मैं जन भावना का सम्मान नहीं कर पाता हूं और अनेक प्रकर के कष्ट आ रहे हैं। शहर के अंदर और छोटी-छोटी बातों को लेकर तूल दिए जाते हैं तो ये ठीक नहीं है। कुछ बातचीत ऐसी रहती है कि अधिकारी द्वारा सीएम को ब्रीफ कर दी जाती हैं। अपनी ही पार्टी से नाराज दिखे विधायक
इस प्रदर्शन के बाद भाजपा के उज्जैन उत्तर से विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा अपनी ही पार्टी और प्रशासन के द्वारा लिए गए निर्णय से नाराज दिखे। उन्होंने मांगे नहीं मनाई जाने पर विरोध कर रहे लोगों के साथ खड़े होने की बात कह दी। विधायक जैन ने कहा कि आज विधायक बनने के बाद पहली बार ऐसा लगा कि पिपलिनाक क्षेत्र के लोग मुसीबत में हैं। उनके पूरे मकान टूट रहे हैं। आज कलेक्टर से बात की तो उन्होंने कहा कि रिवाइस करें। 24 मीटर का रोड कर दीजिए। इससे पहले भी मोर्चा खोल चुके हैं विधायक यह नई बात नहीं है जब कालूहेड़ा ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला हो। इससे पहले भी वे सरकार पर मुखर हुए हैं। लैंड पूलिंग एक्ट के खिलाफ भी विधायक ने सरकार को पत्र लिखा था। उन्होंने सीएम को पत्र लिखकर एक्ट वापस नहीं लेने पर किसानों के साथ आंदोलन में शामिल होने की चेतावनी दी थी। विधायक कालूहेड़ा ने पत्र में लिखा था कि शासन ने सिंहस्थ के दृष्टिगत लैंड पूलिंग योजना का मैंने भी समर्थन किया था।
17 नवंबर को भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल,किसान संघ की आपकी उपस्थिति में हुई बैठक में निर्णय लिया था कि लैंड पूलिंग एक्ट वापस लिया जाता है। इस पर किसान संघ ने उज्जैन में एक उत्सव रैली की थी, जिसमें मैं भी शामिल हुआ। बाद में प्रशासन,प्रेस एवं किसान संघ से पता चला कि लैंड पूलिंग यथावत हैं। इस कारण किसान संघ ने एक्ट के विरोध में आंदोलन का निर्णय किया है। अतः मैं किसानों के हित ओर उनके सम्मान में आंदोलन में सम्मिलित रहूंगा। क्या है सड़क के चौड़ीकरण का मामला
निगम के जोन-1 कार्यालय की टीम ने पिपलीनाका से गढ़कालिका मंदिर होते हुए ओखलेश्वर श्मशान और भैरवगढ़ जेल चौराहा तक के घर और दुकान मालिकों को नोटिस दिए हैं। पहले सड़क को 150 फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव था, जिसे बाद में घटाकर 100 फीट किया गया है। स्थानीय रहवासी सड़क की चौड़ाई 80 फीट रखने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे कई मकानों को टूटने से बचाया जा सकता है। वहीं प्रशासन जल्द ही मौके पर काम शुरू करने की तैयारी में है। ये खबर भी पढ़ें… विधायक को घेरा, भाजपा दफ्तर में घुसी भीड़ उज्जैन के पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए लगाए गए निशान के बाद स्थानीय रहवासियों में भारी गुस्सा है। गुरुवार को इस मुद्दे पर करीब 400 से ज्यादा लोग विरोध दर्ज कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के आगर रोड स्थित दफ्तर जा पहुंचे।विधायक ने लोगों को समझाइश दी और कार से कहीं जाने लगे।पूरी खबर पढ़ें
अपनी ही सरकार के फैसलों के खिलाफ आंदोलन करेंगे विधायक:उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा बोले-रोड चौड़ा हुआ तो आंदोलन का नेतृत्व करूंगा
