कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद के पास मारकंडा चैनल पर बना कंथला पुल खतरे की घंटी बन चुका है। गांव मलिकपुर से लुखी थानेसर की तरफ जाने वाली सड़क पर बना यह पुल जर्जर हो गया है। इस वजह से किसी भी वक्त कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आज हरियाणा विधानसभा में पिहोवा से कांग्रेस विधायक मनदीप चट्ठा ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस पुल की हालत देखकर लगता है, जैसे ये किसी भी बोझ को अब बर्दाश्त नहीं कर पाएगा। पुल की चौड़ाई इतनी कम है कि सिर्फ एक गाड़ी ही मुश्किल से निकल पाती है। अगर दोनों तरफ से वाहन आ जाएं, तो जाम की स्थिति बन जाती है। पुल की दीवारें और रेलिंगें टूट-टूटकर बिखर चुकी हैं। दशकों पहले बना था पुल विधायक चट्ठा ने कहा कि ये पुल दशकों पुराना है और अब इसकी मजबूती पर सवाल उठने लगे हैं। अगर समय रहते इसकी मरम्मत या नया निर्माण नहीं हुआ, तो कोई ट्रक या कार मारकंडा चैनल में गिर सकती है। इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। सरकार को इस तरफ ध्यान देना चाहिए, वरना छोटी-मोटी चूक बड़ी त्रासदी बन जाएगी। चनालहेड़ी-लोटनी के पुल भी जर्जर उन्होंने कहा कि यह समस्या सिर्फ कंथला पुल तक सीमित नहीं है। इसी मारकंडा चैनल पर चनालहेड़ी और लोटनी के पास बने पुल भी वैसी ही जर्जर हालत में हैं। खासकर किसानों को परेशानी हो रही है। फसल कटाई के मौसम में वे अपने ट्रैक्टर और कंबाइन हार्वेस्टर को इन पुलों से निकालते हैं, लेकिन संकरी चौड़ाई और टूटी रेलिंग की वजह से दिक्कत होती है। मंत्री ने दिया विधायक को जबाव विधानसभा में सवाल उठाने पर सरकार की ओर से लोक निर्माण विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा ने जवाब दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले पर जल्द ध्यान दिया जाएगा। मरम्मत का काम शुरू करने के लिए सर्वे कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर नया पुल बनवाने की योजना बनेगी।
विधानसभा में पिहोवा MLA ने उठाया जर्जर पुल का मुद्दा:मनदीप बोले-मारकंडा चैनल पर दशकों पहले बना, हादसों का डर, मंत्री ने दिया आश्वासन
