झज्जर में बीती रात वरिष्ठ वकील देवराज चाहर की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी गला रेता गया है। परिजन उन्हें रात में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वकील के शव का पोस्टमार्टम रोहतक में होगा। सिलानी गांव के रहने वाले थे वकील देवराज सिलानी गांव के रहने वाले देवराज चाहर फिलहाल झज्जर शहर के माता गेट (छारा चुंगी) क्षेत्र में रह रहे थे। वे झज्जर कोर्ट में कई वर्षों से प्रैक्टिस कर रहे थे। उनकी हत्या की जानकारी गुरुवार सुबह तब सामने आई, जब झज्जर बार एसोसिएशन ने अपने सदस्यों को वर्क सस्पेंड का आदेश जारी किया। बार एसोसिएशन ने जताया रोष झज्जर बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक गोयल ने बताया कि उनके साथी वकील देवराज की गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना मिली है। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताया और पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले का जल्द खुलासा किया जाए तथा आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। न्यायिक कार्य स्थगित, वकीलों में शोक बार एसोसिएशन ने इस दुखद घटना के विरोध में गुरुवार को न्यायिक कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया है। प्रधान दीपक गोयल ने सभी वकीलों से एकजुटता दिखाने की अपील की है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
झज्जर में रात को वकील की हत्या:बार प्रधान बोले- गला रेतने की सूचना मिली; आज कोर्ट में नहीं होगा काम
