हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई गई 12वीं की शारीरिक शिक्षा विषय और डीएलएड रि-अपीयर की परीक्षा में प्रदेशभर में अनुचित साधन प्रयोग के 11 मामले दर्ज हुए। जिसमें 1 केस प्रतिरूपण का केस शामिल है। इसके अतिरिक्त 1 केंद्र अधीक्षक, 1 उप-केंद्र अधीक्षक और 2 पर्यवेक्षक परीक्षा डयूटी में कौताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किए गए। प्रदेश में शेष परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से शांतिपूर्वक संचालित हुई। 12वीं की शारीरिक शिक्षा और डीएलएड प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में कुल 95 हजार 705 परीक्षार्थी शामिल हुए। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि अध्यक्ष के उड़नदस्ते द्वारा भिवानी जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां परीक्षा केंद्र केएम उच्च विद्यालय भिवानी-15 पर नियुक्त पर्यवेक्षक रविन्द्र सिंह, डीपीई, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कापड़ीवास जिला रेवाड़ी को संचालित हुई शारीरिक शिक्षा विषय का अध्यापक होने के कारण परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया। बोर्ड उपाध्यक्ष ने किया सेंटरों को निरीक्षण
बोर्ड उपाध्यक्ष ने स्वयं जींद जिले के उप-मंडल सफीदों के ग्रामीण आंचल में स्थित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर निरीक्षण का आगाज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डाटरथ से किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाट पर 1 परीक्षार्थी को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उपाध्यक्ष ने स्टाफ की कार्यप्रणाली पर संतोष जताया, लेकिन भविष्य के लिए सतर्क रहने की हिदायत भी दी। सचिव के उड़नदस्ते ने हिसार के सेंटरों का निरीक्षण किया
प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा के उड़नदस्ते द्वारा हिसार जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जहां अनुचित साधन प्रयोग का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शान्तिपूर्वक ढ़ंग से संचालित हो रही थी। नकल पर अकुंश लगाने के लिए बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में गठित किए गए अन्य उड़नदस्तों द्वारा प्रदेशभर में नकल के 10 मामले दर्ज किए गए। कई कर्मचारी कार्यभार मुक्त किए
अध्यक्ष विशेष आरएएफ उड़नदस्ता द्वारा निरीक्षण के दौरान भिवानी जिले के परीक्षा केन्द्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालुवास पर पाया गया कि परीक्षार्थी नरेन्द्र द्वारा लेखक की अनुमति नहीं ली गई थी। केंद्र अधीक्षक द्वारा अवैध लेखक को परीक्षा में बैठाया गया था, जो कि केंद्र अधीक्षक की घोर लापरवाही को दर्शाता है। बोर्ड नियमों में कौताही के दृष्टिगत केंद्र अधीक्षक अजीत सिंह, पीजीटी-बायोलॉजी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहल को कार्यभार मुक्त करते हुए उप-केंद्र अधीक्षक को नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त पर्यवेक्षक सुनील कुमार, टीजीटी अंग्रेजी, राजकीय माध्यमिक विद्यालय हनुमान गेट, भिवानी को उड़नदस्ते के साथ दुर्व्यवहार करने के कारण परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया। 5 मार्च को 2,87,744 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
उप-मंडल प्रश्र-पत्र उड़नदस्ता, हांसी द्वारा परीक्षा केन्द्र एसएलएस राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हांसी-01 पर नियुक्त उप-केंद्र अधीक्षक बलजीत सिंह , पीजीटी-अंग्रेजी, एनआरएम राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गढ़ी (हांसी) को ड्यूटी में लापरवाही के चलते कार्यभार मुक्त किया गया। उन्होंने बताया कि 5 मार्च को 1357 परीक्षा केंद्रों पर संचालित होने वाली 10वीं के अंग्रेजी विषय और डीएलएड रि-अपीयर की परीक्षा में 2 लाख 87 हजार 744 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर धारा 163 लागू
भिवानी में माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिलाधीश साहिल गुप्ता द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। जिलाधीश ने अपने आदेशों में कहा है कि भिवानी जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में विभिन्न गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह आदेश 17 फरवरी से 11 अप्रैल तक आयोजित होने वाली परीक्षाओं के मद्देनजर जारी किया गया है। आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, किसी भी प्रकार के हथियार जैसे आग्नेयास्त्र, तलवार, लाठी, गंडासा, चाकू आदि लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में स्थित फोटोस्टेट/जेरॉक्स की दुकानें, डुप्लीकेटिंग सुविधा, साइबर कैफे व संबंधित दुकानों को परीक्षा समय के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नकल सामग्री की आपूर्ति और अव्यवस्था को रोका जा सके। जिलाधीश ने कहा कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 अथवा अन्य लागू प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश पुलिस व ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकें। इससे पूर्व सोमवार को आयोजित सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक व मुक्त विद्यालय) भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र विषय एवं डीएलएड (रि-अपीयर) की परीक्षा में नकल के कुल 28 मामले दर्ज किए। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण 1 केंद्र अधीक्षक, 2 पर्यवेक्षकों व 2 लिपिकों को कार्यभार मुक्त किया।
हरियाणा में 12वीं फिजिकल एजुकेशन-डीएलएड की हुई परीक्षा:11 नकलची पकड़े, कोताही बरतने पर 1-1 केंद्र अधीक्षक-उप-केंद्र अधीक्षक और 2 पर्यवेक्षक हटाए
