12वीं की छात्रा की आशिक ने गोली मारकर हत्या की:बस्ती में एकतरफा प्यार में घर में घुसकर वारदात, मां पर भी ताना असलहा

Spread the love

यूपी के बस्ती में एकतरफा प्यार में प्रेमी ने 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार देर रात छात्रा अपने घर में सो रही थी। तभी सिरफिरा आशिक घर पहुंचा। पीछे के रास्ते घर में दाखिल हुआ। छात्रा के पास पहुंचकर फायरिंग कर दी। एक गोली छात्रा के सिर और दूसरी गर्दन में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार वाले जाग गए। भाई दौड़कर पहुंचा तो आरोपी ने तमंचा दिखाकर डराने-धमकाने लगा। उससे मारपीट की। भागने की कोशिश की तो मां रास्ते में आ गई। उन पर भी फायरिंग कर दी, लेकिन चूक गया। मां ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गया। भाई ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। छात्रा की मां-भाई से पूछताछ की। घटना सोमवार देर रात करीब 1 बजे कलवारी थाना के बैडारी एहतमाली गांव की है। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… बैडारी एहतमाली गांव के रहने वाले दिनेश पासवान (50) पंजाब में नौकरी करते हैं। गांव में पत्नी अनीता (46), बेटा अवनीश (19) और बेटी अनुष्का (17) रहते थे। अवनीश ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि अनुष्का 12वीं बोर्ड के पेपर दे रही थी। मां अनीता ने बताया- सोमवार रात को हम लोग खाना खाकर सो गए थे। मेरा बेटा और बेटी घर के भीतर सोए थे। मैं बाहर सो रही थी। रात के करीब एक बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मैं जैसे ही उठी तो हमलावर ने मेरे पीठ पर मुक्के से मारा और मेरे ऊपर गोली चलाई, लेकिन गोली मिस हो गई। अनीता ने बताया- मैंने उसे दौड़ाया, लेकिन वह भाग गया। अंदर जाकर देखा तो बेटी को सिर और गर्दन में गोली लगी थी। वह खून से लथपथ अपनी चारपाई पर पड़ी थी। पास में बेटा भी घायल पड़ा था। मैंने अपने बेटे से पूछा तो उसने बताया कि मंदीप ने अनुष्का को गोली मार दी। मैंने बचाने की कोशिश की तो मेरे सिर पर तमंचे से हमला कर दिया। कुछ महीने पहले नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया था संंबंध अनीता ने बताया- हमारे गांव के ही रहने वाला मंदीप पिछले दो सालों से मेरी बेटी को परेशान कर रहा था। उसने कुछ महीने पहले मेरी बेटी को लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ संबंध बनाए और फिर वीडियो बना लिया। इसके बाद वह उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा। एक बार जबरदस्ती उसे अपने साथ मंदिर में शादी करने ले जा रहा था। कहा रहा था- शादी नहीं करोगी तो जहर खा लूंगा, और तुम्हे भी मार दूंगा। चार महीने पहले अश्लील फोटो-वीडियो कर दिए थे वायरल अनीता ने बताया- अनुष्का उससे दूर रहने लगी तो वह उसके फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। 18 दिसंबर 2025 को मंदीप ने कुछ अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस मामले में मैंने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें बाद में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया था। अचानक गांव लौटा और बेटी को मार दिया अनीता ने बताया- आरोपी मंदीप एक दिन पहले ही गांव लौटा था। सोमवार देर रात घर में घुसकर घटना को अंजाम दे दिया। एएसपी श्यामाकांत ने बताया- शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। ———————————————— ये खबर भी पढ़ेंः- यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस-कार की टक्कर, 6 की मौत:उछलकर 10 फीट दूर गिरी, पिछला हिस्सा चकनाचूर; होली पर घर जा रहे थे यूपी के हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के डबल डेकर बस ने चलती इको वैन को पीछे टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। सभी मृतक धौलपुर (राजस्थान) के बताए जा रहे हैं। होली के लिए घर जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…