यूपी के हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के डबल डेकर बस ने चलती इको वैन को पीछे टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। सभी मृतक धौलपुर (राजस्थान) के बताए जा रहे हैं। होली के लिए घर जा रहे थे। बस दिल्ली से गोरखपुर, जबकि वैन दिल्ली से धौलपुर जा रही थी। ओवरटेक करने की कोशिश करते वक्त टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन उछलकर 10 फीट दूर गिरी। उसका पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया। बस के अगले को हिस्से को भी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि बस सवार यात्रियों को चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर लाशें बिछ गईं। एक्सप्रेस वे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए खंदौली सीएचसी भेजा गया। जहां से तीन को गंभीर हालत में खंदौली से आगरा रेफर कर दिया गया। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास हुआ। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… इको वैन से राजस्थान के राजाखेड़ा जा रहे थे 13 लोग
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 141 पर मंगलवार तड़के करीब 4 बजे दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको वैन को टक्कर मार दी। इको सवार सभी लोग दिल्ली से राजस्थान के राजाखेड़ा (धौलपुर) जा रहे थे। मृतकों की पहचान हुई, सभी धौलपुर, राजस्थान के रहने वाले
हादसे में 6 मृतकों में से 4 मृतकों की पहचान दिनेश (50) पुत्र होतम सिंह, उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27) पुत्र सुखराम, उनकी पत्नी पिंकी बघेल (26) के रूप में हुई है। दो की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। सभी गंगोली, राजाखेड़ा (राजस्थान) के बताए जा रहे हैं। घायलों में चार बच्चे भी शामिल
हादसे में इको चालक वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश भी घायल है। इसके अलावा राजाखेड़ा के ही मनोज पुत्र सुरेश, आर्यन (8)-अंशु (6) पुत्र अजय, मृतक विजय का बेटा लक्ष्य (1), बेटी प्राची (3) और उनकी साली पूनम बघेल (15) घायल हैं। बस चालक से पूछताछ की जा रही
घायलों को उपचार के लिए खंदौली थाना क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करने के कारण हुआ। बस चालक से पूछताछ की जा रही है। ओवरटेक की वजह से हादसा, बस ड्राइवर-कंडक्टर अरेस्ट पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया- बस का चालक इको गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था, तभी यह घटना हुई। बस के चालक, कंडक्टर सहित तीन लोगों को पकड़ा गया है। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भिजवाया है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस-कार की टक्कर, 6 की मौत:उछलकर 10 फीट दूर गिरी, पिछला हिस्सा चकनाचूर; होली पर घर जा रहे थे
