गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक को धमकियां मिल रही थीं। उन्हें अंदाजा था कि वो सुरक्षित नहीं हैं। इसलिए डेढ़ साल पहले लोनी में उन्होंने 55 गज में एक घर बनवाया। वहीं से यूट्यूब पर इस्लामिक कट्टरता के खिलाफ बोलने लगे। यहां से 2Km दूर अपनी पत्नी और बेटे उस्मान को दिल्ली के अशोकविहार में रखा। दैनिक भास्कर टीम जब इस कॉलोनी में पहुंची, किसी को पता ही नहीं था कि सलीम कहां रहते हैं? शायद सलीम खुद ही नहीं चाहते थे कि कोई जाने कि उनका परिवार कहां रहता है? सलीम इस वक्त भी दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) में जिंदगी के लिए लड़ रहे हैं। उनके शरीर पर सीने, पेट, गर्दन, बाजू और पैर में 14 जख्म हैं। गले को काटने का प्रयास किया गया था, डॉक्टर ने ऑपरेशन किया है। अब उनके पेट का ऑपरेशन होना बाकी है। उन्हें इंटरनल ब्लीडिंग हो रही है। लिवर डैमेज हुआ है। वहीं, बाइक पर आए बदमाशों को तलाश करने के लिए पुलिस की 3 टीमों ने करीब 180 CCTV देखे हैं। सलीम वास्तिक के घर से 2.5Km दूर बदमाश दिल्ली बॉर्डर पर CCTV में नजर आए हैं। वह हेलमेट लगाए हुए हैं। जो बदमाश बाइक चल रहा था, उसने शर्ट-जींस और जैकेट पहना था, पीछे बैठे बदमाश ने कुर्ता-पजामा पहना हुआ था। बाइक TVS कंपनी की है, दोनों उबड़-खाबड़ रास्तों पर दिल्ली की तरफ जाते हुए दिखे हैं। पुलिस दिल्ली के अंदर सर्च ऑपरेशन चला रही है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… लोग कैमरे पर नहीं बोले, डर…कहीं पुलिस थाने न लेकर जाए
इस्लाम धर्म को छोड़ चुके सलीम वास्तिक का गला जिस घर में काटने का प्रयास हुआ, दैनिक भास्कर टीम वहां पहुंची। दिल्ली और गाजियाबाद के बार्डर पर जंगल का इलाका, लोनी इलाके में यहां मुख्य सड़क से करीब 8 फीट नीचे गेहूं के खेत में एक किसान सिंचाई करते हुए मिले। हमने पूछा कि सलीम वास्तिक का घर कौन सा है? इतना सुनते ही किसान ने कहा कि अच्छा मीडिया से हो। हां, कहने पर कहा कि इसे हिंदू मुस्लिम का रंग दिया जा रहा है। हमला होने के बाद से तरह-तरह की बातें चल रही हैं, लेकिन मेरा नाम मत लिखना, न ही मेरा कोई फोटो लेना। मैं सलीम वास्तिक को ज्यादा नहीं जानता। बस इतना कहूंगा कि यह लगातार मुस्लिम धर्म के खिलाफ बोल रहे थे। खुद की वीडियो बनाकर उन्हें दूसरों को भेजते थे। एक बात सोचिए, सुबह दिन निकलते ही कोई हमला क्यों करेगा। वह मारने के इरादे से इसलिए आए कि न तो कोई पड़ोसी होगा, न ही कहीं पुलिस मिलेगी। सलीम के घर के अंदर कैमरे लगे हैं। जिन्होंने चाकू से गला काटा, वह कैमरे में दिख गया होगा, पुलिस को सब कुछ पता चल गया होगा। जहां सलीम का घर, उसके आसपास घर नहीं
सलीम वास्तिक लोनी इलाके में जिस मकान में रहते थे, वह 55 गज का छोटा मकान है। उसके दोनों तरफ खाली प्लॉट हैं। यह सलीम का अपना घर है, जिसे डेढ़ साल पहले उन्होंनें प्लॉट खरीदकर बनाया था। ऊपर तिरंगा लगा हुआ है, पानी की टंकी है। यहां दिन में भी उनके पास हिंदू और मुस्लिम दोनों ही धर्म के लोग मिलने आते थे। सामने ऊबड़ खाबड़ कच्चे रास्ते हैं। एक गाजियाबाद नंबर की सफेद रंग की कार घर के सामने रास्ते में खड़ी थी। पड़ोसी लोग कैमरे के सामने बोलने से डरते दिखे, उन्हें डर है कि सलीम के साथ बड़ी घटना हुई है, यह मामला धर्म के खिलाफ बोलने से जुड़ा है। पुलिस लगातार यहां आ-जा रही है। लोग घबराए हुए हैं कि अगर हमने कुछ बोला तो पुलिस उनसे भी पूछताछ करने के लिए थाने लेकर जाएगी। सलीम वास्तिक के घर के सामने खेल रहे एक 14 साल के लड़के ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब सलीम पर हमले का शोर मचा, तब लोग पहुंचे, मैं भी पीछे खड़ा था। पड़ोस की महिला बता रही थीं कि सामने के रास्ते से बाइक पर दो लड़के आए थे, वह हमला करके इसी रास्ते से भाग भी गए, यहां 2 तरफ जंगल का रास्ता है। बंद घर में अंदर ही CCTV, बाहर कैमरे नहीं
सलीम वास्तिक पर जहां हमला हुआ है, वह घर पूरी तरह से बंद है। बाहर छोटा गेट है, बराबर में लोहे का शटर लगा हुआ है। ऊपर से भी यह बंद है। यानी बाहरी कोई भी व्यक्ति इस घर में घुस नहीं सकता। दूसरी बात यह सामने आई कि यहां बाहर की तरफ कोई CCTV नहीं लगा था, जबकि अंदर कैमरा लगा होना बताया गया। इससे यह साफ होता है कि सलीम को खुद पर होने पर हमले का अंदाजा था। गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में सलीम के बेटे और पत्नी से भी पूरा मामले की जानकारी ली है। उच्च अधिकारियों ने अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क कर मेडिकल स्थिति जानी। जहां बताया गया कि गले की सर्जरी हो चुकी है। पेट में चाकू लगने से लीवर डैमेज हो गया है। 2 महीने पहले शिकायत पर अकाउंट बंद हुआ
सलीम वास्तिक के खिलाफ 2 महीने पहले पुलिस में एक शिकायत हुई थी। वह दिल्ली के वजीरपुर के रहने वाले अनीस अहमद अंसारी ने करवाई थी। वह कहते हैं- एक व्यक्ति जो खुद को एक्स मुस्लिम कहता है, जब इस्लाम त्याग दिया, तो सिर पर टोपी क्यों लगाते हो? वह मुसलमानों वाला नाम क्यों रखे हुए है? मैंने सलीम के खिलाफ अशोक विहार थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद इसकी फेसबुक आईडी को ब्लॉक किया जाए। यह पैसे के लालच में मुसलमानों को बदनाम करता है। इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उसने गुनाह किया है, मैंने माना है कि भारत देश में धर्म को मानने की आजादी है। कोई भी आदमी कानून की अवहेलना नहीं कर सकता। धार्मिक ग्रंथ को गलत नहीं बता सकता। पड़ोसी बोले- 15 दिन में आती थी पत्नी
सलीम के पड़ोस में रहने वाली 40 साल की नाजरीन ने बताया- सलीम अकेले इस मकान में रहते थे। वह यह बताते थे कि मेरी पत्नी और बेटा कहीं अशोक विहार में रहते हैं। सुबह के समय जब शोर मचा कि मार गए…मार गए…भाग गए। मैं मौके पर पहुंची, तो सलीम खून से लथपथ हालत में तड़प रहे थे। उनके गले और पेट से खून बह रहा था। लोगों की भीड़ लग गई, इतना पता चला कि सामने के रास्ते से हमलावर भागे हैं। लेकिन उनके आने की और सलीम के घर में घुसने की जानकारी नहीं हुई। सलीम का घर अक्सर बंद रहता था। उनकी पत्नी 15 से 20 दिन में यहां आती थी, साफ सफाई करके चली जाती थी। सलीम के दोस्त ही चाय या खाना लाते थे, कभी-कभी बेटा भी उनका खाना देकर चला जाता था। ये साजिश, घर में घुसकर गला काट दिया
पड़ोस में रहने वाले 55 साल के मोहम्म्द जहरुद्दीन ने बताया कि सलीम यहां अकेले रहते थे। मैं तो अपने बेटे के पास रोटी खाने आया था। इतना पता चला है कि 2 दिन पहले मैसेज आया। क्या मैसेज आया यह तो पुलिस और मीडिया वालों को पता होगा। इस तरह से घर में घुसकर गला काट देना, इसमें कुछ बड़ी साजिश हो सकती है। पुलिस पूरी सच्चाई के साथ केस का खुलासा करे। पड़ोसी बोले- कभी पत्नी और बेटा नहीं देखा
सलीम की कॉलोनी में रहने वाले कारपेंटर मोमीन ने बताया कि मैंने इस घर में कभी सलीम वास्तिक की पत्नी और बेटे को नहीं देखा। वह अकेले ही रहते थे। बाहर भी कम जाया करते थे। इतना पता चला कि इसी मकान के अंदर एक ऑफिस बना हुआ था, जिसमें वह कुछ यू ट्यूब चैनल चलाते थे। हमले के बाद उन्हें अस्पताल लेकर दिल्ली गए तो वहीं पर परिवार के लोग बताए गए। पुलिस की 5 टीमें, बॉर्डर पर चेकिंग बढ़ाई
सलीम पर हमले के मामले में सीएम योगी ने कहा कि हमलावर बख्शे नहीं जाएंगे। गाजियाबाद पुलिस की 5 टीमें लगाई गईं हैं। घर में लगे कैमरे की पूरी डीवीआर पुलिस ले गई। जो नामजद कराए गए हैं उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि यह भी चर्चा है कि हमलावर साजिश तो कर सकते हैं, मगर मारने वाले लोग भाड़े के गुंडे हो सकते हैं। ………
ये पढ़ें – इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर को 14 चाकू मारे:सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े हमला, योगी बोले- UP में आतंक की जगह नहीं गाजियाबाद में इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े ऑफिस में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए नकाबपोश हमलावरों ने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गला रेतने की कोशिश की। चीखने पर हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। पढ़िए पूरी खबर…
EX-मुस्लिम सलीम वास्तिक को चाकू से गोदने वाले दिल्ली भागे:गाजियाबाद में 2.5km दूर तक CCTV में दिखे; पेट पर हमले से लिवर डैमेज
