मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र खत्म होते ही अगले दिन शनिवार को एमपी के दिग्गज दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। शुक्रवार रात अचानक सीएम डॉ. मोहन यादव बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुबह एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव ने मुलाकात की। उसके बाद पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और फिर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अमित शाह से अलग-अलग मुलाकातें की। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने समय मांगा था। शुक्रवार को शाह के ऑफिस से दोनों मंत्रियों को मुलाकात के लिए समय मिला। इसके बाद कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल दिल्ली जाकर अमित शाह से मिले। नितिन नवीन से मिले सीएम और हेमंत खंडेलवाल सीएम डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान एमपी से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने वाले नेताओं के नामों और एमपी के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई है। मोदी मंत्रिमंडल के साथ ही एमपी में हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार बीजेपी सूत्रों की मानें तो दो महीनों के भीतर मोदी मंत्रिमंडल में बदलाव होना संभावित है। केंद्रीय कैबिनेट के बाद मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है। अमित शाह ने एमपी के नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक स्थितियों को लेकर फीडबैक लिया है। निगम-मंडलों की लिस्ट इसी हफ्ते लंबे समय से टल रही एमपी में राजनीतिक नियुक्तियों की लिस्ट इसी हफ्ते में घोषित हो सकती है। सूत्रों की मानें तो पहली सूची में आदिवासी और दलित वर्ग के सीनियर नेताओं को मंत्री का दर्जा मिल सकता है।
-बालाघाट के बैगा महोत्सव के लिए आमंत्रित किया सीएम डॉ. मोहन यादव ने अमित शाह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंट कर भोपाल में यूनियन कार्बाइड की भूमि पर गैस काण्ड स्मारक निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर उज्जैन में विक्रमोत्सव के भव्य आयोजन की जानकारी दी और नक्सल मुक्त होने के बाद बालाघाट में आयोजित बैगा महोत्सव में सादर आमंत्रित किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले CM मोहन यादव:बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के साथ अचानक पहुंचे दिल्ली; मंत्री विजयवर्गीय-पटेल ने भी की मुलाकातें
