सोनीपत में NH-44 के पास मिली व्यक्ति की अर्धजली डेडबॉडी:शराब और पानी की बोतल पड़ी थी पास; शव की पहचान करना मुश्किल

Spread the love

सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र में दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह अर्धजली डेडबॉडी मिली है। प्याऊ मनयारी के पास शराब के ठेके के पीछे अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना ने इलाके में दहशत और कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। मृतक की नहीं हुई पहचान जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। शव बुरी तरह जला हुआ मिला, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मौके पर किसी प्रकार के पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की तैयारी शुरू कर दी है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। शव के पास मिली पानी और शराब की बोतल घटनास्थल से एक पानी की बोतल और एक शराब की बोतल भी बरामद हुई है। यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि आग लगने की वजह क्या रही और यह हादसा है या कोई साजिश। पुलिस इन बोतलों को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच करवा सकती है। रात 10:30 बजे पानी की बोतल खरीदने की जानकारी स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि मृतक शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे आसपास की दुकान से पानी की बोतल खरीदकर गया था। उस समय वह अकेला था और किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा सामने नहीं आया। इसके बाद वह ठेके के पीछे कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, यह रहस्य बना हुआ है। शव की पहचान करने में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि मृतक की गतिविधियों और संभावित संदिग्धों के बारे में सुराग मिल सके। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को 45 वर्ष के आसपास के किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर गहन जांच जारी है।