कैथल में हेडकांस्टेबल संधू द्वारा डीएसपी पर आरोप का मामला:अब डीएसपी के समर्थन में आए लोग, सोशल मीडिया पर संधू का पक्ष

Spread the love

कैथल में हेड कांस्टेबल सुनील संधू द्वारा डीएसपी पर लगाए गए उसे धमकाने के आरोपों का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब इसमें सामाजिक संगठन व विभिन्न गांव के बुद्धिजीवी व्यक्ति भी शामिल हो रहे हैं। कोई डीएसपी के पक्ष में बात कर रहा है तो कोई सुनील संधू का समर्थन कर रहा है। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा जो पोस्ट की जा रही है, उसमें लोग ज्यादातर सुनील संधू का पक्ष धरते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं पुलिस भी अपनी ओर से मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल मामले की लगातार जांच में जुटे हुए हैं। डीएसपी के पक्ष में आए लोग भानपुरा के पूर्व सरपंच रोशन लाल, शिव कुमार शर्मा, पूर्व पार्षद आनंद शर्मा व गांव हरिपुरा से शिक्षिका विजेता शर्मा ने कहा कि डीएसपी ललित कुमार एक अच्छे स्वभाव के अधिकारी हैं। उन पर हेड कांस्टेबल सुनील संधू द्वारा जो आरोप लगाए हैं वे पूरी तरह से निराधार हैं। डीएसपी ललित से वे कई बार साझे कार्यों को लेकर मिल भी चुके हैं, आज तक उन्होंने नोट किया है कि डीएसपी ने सबके साथ बिल्कुल सॉफ्ट व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मीडिया में फेम पाने के चक्कर में सभ्य अधिकारियों को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं उन्होंने मांग की कि इस मामले की पूर्ण निष्पक्ष जांच की जाए और जो भी गलत मिलते हैं उन पर कार्रवाई हो। कैथल के कुछ वकीलों ने भी मामले में डीएसपी का समर्थन किया है। सोशल मीडिया पर संधू समर्थक वही सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्टों में लोग सुनील संधू का समर्थन कर रहे हैं। इस संबंध में बालू खाप के प्रवक्ता प्रवीण किछाना ने कहा कि सुनील संधू हेड कांस्टेबल को अधिकारियों द्वारा धमकाना सही नहीं है। सुनील संधू लगातार समाज हित के लिए कार्य कर रहे हैं। पहले उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति की भावना जागरूक करने के लिए कार्य किया। अब वे युवाओं को नशे से बचने के लिए कार्य कर रहे थे, ऐसे में अधिकारियों द्वारा उन पर अनावश्यक दबाव बनाया गया, जिस कारण वे मानसिक तनाव झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। और दूध का दूध पानी का पानी किया जाना चाहिए। इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं, उन्हीं के अनुरूप आगामी कार्रवाई की जा रही है।