नारनौल के अस्पताल में तीसरे दिन IT की रेड जारी:दस्तावेजों की जांच-पड़ताल में जुटी टीम; मरीजों के रिकॉर्ड पर उठे सवाल

Spread the love

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में स्थित विजय अस्पताल में आयकर विभाग की रेड तीसरे दिन भी जारी रही। गुरुग्राम से आई इन्कम टैक्स विभाग की टीम लगातार दस्तावेजों की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई ईसीएचएस (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) से जुड़े संभावित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में की जा रही है। जानकारी के मुताबिक विभाग को अस्पताल के रिकॉर्ड में कुछ अनियमितताओं की आशंका है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में उपलब्ध बेड की संख्या अपेक्षाकृत कम है, जबकि रोजाना भर्ती दिखाए जा रहे मरीजों की संख्या अधिक पाई गई है। ऐसे में बिलिंग, भुगतान और मरीजों के रिकॉर्ड को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अधिकारी बोले- कुछ तो गड़बड़ टीम अस्पताल के दस्तावेज, डिजिटल डाटा, बिलिंग रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की बारीकी से जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान अन्य वित्तीय गड़बड़ियां भी सामने आ सकती हैं। हालांकि विभाग की ओर से अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन अधिकारियों ने इतना जरूर कहा है कि “कुछ तो गड़बड़ लग रही है, इसलिए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।” अन्य अस्पताल संचालक सतर्क बताया जा रहा है कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी निजी अस्पतालों पर इसी तरह की कार्रवाई की गई है। लगातार तीसरे दिन तक चली रेड के चलते जिले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अन्य निजी अस्पताल संचालक भी सतर्क हो गए हैं और अपने रिकॉर्ड दुरुस्त करने में जुटे हैं। कई जगहों पर अस्पताल गौरतलब है कि विजय अस्पताल समूह के प्रदेश के अन्य जिलों के अलावा राजस्थान के कई शहरों में भी अस्पताल संचालित हो रहे हैं। ऐसे में इस कार्रवाई के दायरे के विस्तार की संभावना से स्वास्थ्य क्षेत्र में हलचल मची हुई है।