वृंदावन में बांके बिहारी जी को लगा रंग और गुलाल:प्रसाद लूटने के लिए भक्तों में मची होड़, श्रद्धालु बोले- आज ब्रज में होली रे रसिया

Spread the love

मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार अनोखा नजारा दिखा। बांके बिहारी मंदिर जी को रंग और अबीर लगाने के साथ ही ब्रज की होली की शुरुआत हुई। मंदिर रंग-बिरंगे गुलाल में डूबा नजर आया। सुबह-सुबह पुजारियों ने प्रसादी गुलाल भक्तों पर बरसाया। फूल, जलेबी और लड्डू लुटाए। इसे पाने के लिए भक्तों में होड़ मच गई। शरीर पर अबीर पड़ते ही भक्त खुशी से झूम उठे। बांके बिहारी के जयकारों से माहौल झूम उठा। अबीर से सराबोर भक्तों ने बांके बिहारी के दर्शन किए। आशीर्वाद लिया। फिर बाहर आकर हवा में रंग और अबीर उड़ाए। एक-दूसरे को गुलाल लगाया। इस दौरान वृंदावन की गलियां भक्तों से भरी रहीं। हर तरफ अबीर-गुलाल दिखाई दे रहा है। अबीर गुलाल से रंगे भक्त ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूम रहे हैं। ‘आज ब्रज में होली रे रसिया’ गाने पर नाच रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्त वृंदावन की पंचकोसी परिक्रमा कर रहे हैं। कई भक्त लड्‌डू गोपाल को गोद में लेकर आए हैं। उनके साथ महिलाएं भी हैं। श्रद्धालु राधे-राधे बोलते हुए गुलाल उड़ाते हुए चल रहे हैं। थोड़ी देर बाद राधाबल्लभ मंदिर से भगवान राधा कृष्ण का डोला निकलेगा। बग्गी पर सवार होकर भगवान राधा कृष्ण के स्वरूप शहर में जगह-जगह होली खेलेंगे। माना जा रहा है कि करीब 10 लाख भक्त वृंदावन पहुंचेंगे। इससे पहले, गुरुवार को नंदगांव और बुधवार को बरसाना में लठमार होली खेली गई थी। सबसे पहले तस्वीरें- वृंदावन की होली से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…