ग्वालियर पुलिस ने 48 घंटे में 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालकर बरैठा टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाशों को पकड़ लिया है। इनकी पहचान अश्वनी भदौरिया (22) और निखिल चौहान (19) के रूप में हुई है। अश्वनी भिंड जबकि निखिल उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है। दोनों ही स्टूडेंट हैं और ग्वालियर के बड़ागांव में रहते हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक साल पुराने विवाद का बदला लेने के लिए उन्होंने टोल प्लाजा पर फायरिंग की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटर साइकिल, पिस्टल, कारतूस और गमछा बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि अश्वनी पुत्र योगेंद्र सिंह भदौरिया, भिंड के वीरेंद्र नगर का रहने वाला है। वहीं, निखिल पुत्र देवेंद्र सिंह गाजीपुर के टिल्डा गांव का निवासी है। दोनों को ग्वालियर में ही मुरार के एक होटल से पकड़ा गया। एक साल पहले हुआ था टोल पर विवाद अश्वनी ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले वह अपने पिता के साथ टोल प्लाजा से निकल रहा था। इस दौरान उसकी टोल कर्मचारियों से बहस हो गई थी। वह बदला लेने का बहाना तलाश रहा था। उसने हाइवे पर गोलियां चलाकर पुलिस को गुमराह करने के लिए चिट्ठी में ग्वालियर-भिंड हाईवे को सिक्स लेन करने की बात लिखी थी। मुंह पर गमछा बांध, हेलमेट पहनकर चलाई गोलियां बरैठा टोल प्लाजा ग्वालियर-भिंड हाईवे के बॉर्डर पर है। सोमवार शाम को टोल प्लाजा के बूथ नंबर 07 पर टोल कलेक्टर नहीं था। वहां आगरा निवासी कर्मचारी रोहित कुमार बैठा था। इसी दौरान बुलेट सवार दो युवक मुंह पर गमछा बांधकर हेलमेट पहने भिंड से ग्वालियर की ओर निकले। दोनों टोल से कुछ दूर बाइक रोककर खड़े हो गए। इसके बाद बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति पैदल चलकर बूथ पर आया। उसके हाथ में पिस्टल थी। उसने रोहित को हाथ से लिखी चिट्ठी दी और कहा- अपने मैनेजर को बता देना कि हाईवे नहीं बनेगा तो टोल नहीं चलने दूंगा। मैं तुम्हें जान से खत्म कर दूंगा। उसने पिस्टल से कई राउंड फायर किए। रोहित कुर्सी से नीचे गिर गया, गोलियां कम्प्यूटर में जाकर लगीं। इसके बाद दोनों बाइक पर बैठकर भाग निकले। बाइक की नंबर प्लेट से लगा बदमाशों का सुराग बदमाशों द्वारा दी गई चिट्ठी में लिखा था कि ग्वालियर-भिंड हाइवे नहीं बनेगा तो ऐसे ही वारदात करेंगे। सरकार अंधी हो गई है। भले ही नेताओं के फ्लैट बेचने पड़ें, लेकिन अब हाइवे निर्माण शुरू होना चाहिए। अब कोई आकाश नहीं मरेगा। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से लेकर ग्वालियर शहर की तरफ जाने वाले रोड पर 300 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले। इसमें बदमाश भिंड रोड से डीडी नगर, पिंटो पार्क और टंकी तिराहा से होते हुए सात नंबर चौराहा की तरफ भागते दिखे थे। चेहरे पर गमछा बंधे होने की वजह से उनके चेहरे तो नहीं दिखे लेकिन बाइक की नंबर प्लेट से उनकी पहचान हो गई। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ग्वालियर-भिंड हाईवे टोल पर फायरिंग कर भागे युवक मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड हाईवे पर स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो युवकों ने टोल बूथ पर पिस्टल से फायरिंग की। फिर धमकी भरी चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पढे़ं पूरी खबर…
ग्वालियर में टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले निकले स्टूडेंट:पुराने विवाद का बदला लेने चलाई गोलियां, गुमराह करने चिट्ठी में हाईवे बनाने की बात लिखी
