गुरुग्राम जिले में बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन पर भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सेक्टर 83 स्थित सफायर मॉल में एक विशेष कार्यक्रम के लिए पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री को देखने के लिए हजारों श्रद्धालु जुटे। जिससे इलाका पूरी तरह भक्ति माहौल में डूब गया। यह आयोजन मूलरूप से एपी ग्रुप द्वारा शुरू किए गए धार्मिक सामान के स्टोर एपी एस्ट्रो का उद्घाटन करने पहुंचे थे। मॉल परिसर में नए स्टोर का शुभारंभ होने के साथ ही धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत एक धार्मिक आयोजन में बदल गया। जय श्रीराम के नारों से किया स्वागत लोग धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन के लिए दोपहर से ही जुटने लगे थे। रात करीब पौने नौ बजे जैसे ही वे मॉल पहुंचे, तो भक्तों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। लोग जय श्री राम के नारे लगाते हुए, फूलों की वर्षा करते हुए और भावुक होकर उनके दर्शन के लिए आतुर दिखे। पार्किंग से लेकर मॉल के मुख्य द्वार तक लंबी कतारें लगीं। सनातन को बढ़ाने का प्रयास कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने संक्षिप्त संबोधन में भक्ति, परिवार और समाज में सद्भाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति से जीवन के हर संकट का समाधान संभव है। एपी स्टोर के उद्घाटन पर उन्होंने स्टोर को शुभकामनाएं दीं और इसे सनातन को बढ़ाने का एक सकारात्मक शुरुआत बताया। सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े उत्पादों पर फोकस इस दौरान कार्यक्रम के आयोजन समिति प्रभारी स्वामी मनीष ने बताया कि यह स्टोर स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े उत्पादों पर फोकस करेगा। बिजनेस डवलपमेंट प्रीति ने बताया कि यहां सनातन से जुड़ा धार्मिक सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। यह गुरुग्राम में अपने तरह का पहला स्टोर है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक उत्साह धीरेंद्र शास्त्री मध्यप्रदेश स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर हैं और अपने दिव्य दरबार, हनुमंत कथा और सनातन धर्म के प्रचार के लिए जाने जाते हैं। गुरुग्राम जैसे शहरी इलाके में उनका आगमन युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों में उत्साह पैदा कर गया। कुछ जगहों पर लोगों का उत्साह इतना बढ़ गया कि सुरक्षा कर्मियों को उन्हें नियंत्रित करने में मुश्किल हुई। दर्शन करने दूर दूर से लोग आए कई भक्तों ने बताया कि वे दूर-दूर से सिर्फ उनके दर्शन के लिए आए। एक श्रद्धालु ने कहा कि बाबा जी के एक दर्शन से मन को शांति मिलती है। आज मॉल में ऐसा लग रहा है जैसे कोई तीर्थ स्थल बन गया हो। 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी लगाए भीड़ की भारी संख्या के कारण मॉल प्रशासन और स्थानीय पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक संभालने के लिए करीब 500 पुलिस जवानों को लगाया है। हालंकि उनके आगमन को लेकर ट्रैफिक ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ, लेकिन भीड़ को देखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करनी पड़ी।
गुरुग्राम में धीरेंद्र शास्त्री को देखने उमड़ी भीड़:बोले-भक्ति से हर समस्या का समाधान, सुरक्षा में 500 पुलिस जवान तैनात
