महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में शराब के नशे में दो युवक कुएं में कूद गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक बच गया। बताया जा रहा है कि दूसरा युवक पहले को बचाने के लिए कूदा था। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कुएं से निकाला। मोहल्ला महल मिश्रवाड़ा में जनस्वास्थ्य विभाग का एक बुस्टिंग स्टेशन गंदे नाले के पास छोटा बड़ा तालाब की ओर बना हुआ है। इस बुस्टिंग स्टेशन पर अकसर मोहल्ला महल व मिश्रवाड़ा के लोग बैठकर शराब पीते हैं। सुबह दस बजे की घटना मंगलवार सुबह करीब दस बजे वहां पर बैठकर कुछ युवा शराब पी रहे थे। इनमें रविदास मंदिर के पास रहने वाला महेश कुमार नामक युवक तथा मोहल्ला मिश्रवाड़ा का सुखीराम नामक युवक शामिल था। पहले महेश कूदा शराब पीते-पीते अचानक रविदास मंदिर के पास रहने वाले महेश ने वहां पर बने पुराने कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में पानी काफी होने के कारण वह उसमें हिचकोले खाने लगा। इसको देख सुखीराम ने भी उसके पीछे-पीछे छलांग लगा दी। लोगों ने किया पुलिस को फोन दोनों को छलांग लगाते देख वहां पर बैठे अन्य युवाओं ने देख लिया। जिस पर उन्होंने आसपास के लोगों तथा डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला। एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल जिसके बाद पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुखीराम को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। कुएं पर जाली लगाने की मांग वहीं इस घटना के बाद पड़ोस में रहने वाली भाजपा नेत्री मंजू सोनी ने प्रशासन से कुएं पर जाली लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि कुएं के साथ-साथ यहां पर बावड़ी भी है। दोनों में ही लबालब पानी भरा रहता है। इंसान नहीं कोई भी पशु इनमें गिर सकता है। शराबियों का है ठिकाना वहीं इस बारे में समाज सेवी तथा शनि मंदिर के पूर्व प्रधान शंकरलाल भार्गव ने बताया कि यह जगह शराबियों का ठिकाना बनती जा रही है। यहां पर न केवल शराबी, बल्कि नशा करने वाले युवा दिन रात बैठे रहते हैं। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिसके कारण यह घटना हो गई। इसलिए यहां पर पुलिस को गश्त करनी चाहिए।
नारनौल में नशे में धुत युवक कुएं में कूदा:बचाने के लिए दोस्त ने भी लगाई छलांग; एक की मौत, दूसरा अस्पताल पहुंचाया
