मेरठ में परिवार के 6 लोग घर में जिंदा जले:इनमें जुड़वां बेटियों समेत 5 बच्चे; कारोबारी पिता नमाज पढ़ने गए थे

Spread the love

मेरठ में कपड़ा कारोबारी के परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इनमें जुड़वां बेटियों समेत 5 बच्चे हैं। कारोबारी पिता सोमवार देर शाम नमाज पढ़ने गए थे, तभी तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। उस वक्त घर में महिलाएं, बच्चों समेत 12 लोग थे। ग्राउंड फ्लोर में लगी आग इतनी तेजी से फैली की किसी को बाहर निकलने का वक्त ही नहीं मिला। सभी लपटों के बीच अंदर फंस गए। पड़ोसियों ने तुरंत फर्स्ट फ्लोर में फंसे 5 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाल लिया। लेकिन, सेकंड फ्लोर में एक महिला और 5 बच्चे फंस गए। आग-धुआं देखकर महिला डर गई, उसने बचने के लिए सभी बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया। थोड़ी देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। आग के बीच सेकंड फ्लोर तक पहुंचने को कोई रास्ता नहीं मिला तो पड़ोसी की दीवार तोड़ी गई। लेकिन, इतनी देर में महिला और 5 बच्चों की मौत हो गई। हादसे में कपड़ा कारोबारी आसिम की पत्नी रुखसार (30), जुड़वा बेटियां अनाबिया, इनायत (6 माह) अकदस (3 साल) और भाई फारुक के दो बच्चे महविश (12), हम्माद (4 साल) की मौत हो गई। अब पढ़िए पूरा मामला…
लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में सुराही वाली मस्जिद में गली नंबर-1 किदवई नगर की है। तीन मंजिला मकान में इकबाल अहमद का परिवार रहता था। परिवार में उनके 5 बेटे हैं। इनमें 3 की शादी हो चुकी थी, जबकि दो अनमैरिड हैं। सोमवार देर शाम जब हादसा हुआ उस वक्त इकबाल अहमद और उनके 4 बेटे नमाज पढ़ने बाहर गए थे। जबकि एक बेटा प्रयागराज गया हुआ था। यानी, परिवार में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। छतों के रास्ते फायर फाइटर्स की टीम अंदर पहुंची
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया- लिसाड़ी गेट किदवई नगर में इकबाल अंसारी का मकान था। यहां पर आग लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों वाला इलाका है, इसलिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को अंदर आने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। छतों के रास्ते फायर फाइटर्स की टीम अंदर पहुंची। पता चला कि मकान में आग लगी है। इसमें कपड़ों का भी कोई गोदाम था। मकान में अंदर 7 लोग फंसे हुए थे। सभी को फायर फाइटर्स की टीम ने आग से बाहर निकाला है। मकान तक जाने वाली गली संकरी है। इसलिए फायर ब्रिगेड टीम पड़ोसी की छत से मकान तक पहुंची। पुलिस की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस में लीकेज के चलते आग लगी है।
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मकान मालिक इकबाल मस्जिद में थे, जब उनके मकान में आग लगी। शोर मचने पर वे भी मौके पर पहुंचे। वे फूट-फूटकर रोने लगे। लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इकबाल कपड़े तैयार कराते हैं। ऑर्डर पर और दूसरे शहरों में लगने वाली एग्जिबिशन में उन्हें सेल करते हैं। घर में बड़ी मात्रा में कपड़ा मौजूद था। सिवाल खास के विधायक गुलाम मोहम्मद भी अस्पताल पहुंचे। डीएम वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसपी क्राइम अवनीश कुमार भी अस्पताल में मौजूद रहे। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुरेंद्र सिंह ने बताया- आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। ……………. ये खबर भी पढ़िए… स्कूली बच्ची पर चढ़ा ट्रक, सिर धड़ से अलग:बैग कंधे पर टंगा रहा; प्रयागराज में मामा के साथ बाइक से जा रही थी प्रयागराज में स्कूल जा रही 10 साल की बच्ची के ऊपर से ट्रक गुजर गया। उसका सिर धड़ से अलग हो गया। हादसा इतना भीषण था कि सिर सड़क पर ही चिपक गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। बच्ची के कंधे पर स्कूली बैग टंगा रहा। पढ़िए पूरी खबर…