ग्वालियर-भिंड हाईवे बनाने के लिए फायरिंग…LIVE VIDEO:टोल प्लाजा पर चिट्ठी फेंककर भागे बाइक सवार बदमाश, लिखा- नेताओं को फ्लैट बेचने पड़ें, लेकिन सड़क बनाओ

Spread the love

मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड हाईवे पर स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने टोल बूथ पर पिस्टल से फायरिंग की और धमकी भरी चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बदमाश सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग को लेकर टोल प्लाजा पहुंचे थे। चिट्ठी में उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा है कि “सरकार अंधी हो चुकी है” और “आकाश जैसा अब कोई नहीं मरेगा”। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देखिए घटनाक्रम की 2 तस्वीरें… चिट्ठी में बदमाशों ने लिखा- हाईवे बनाओ या टोल हटाओ टोल प्लाजा पर फेंकी गई चिट्ठी में बदमाशों ने साफ चेतावनी दी है। चिट्ठी में लिखा है- ‘हाइवे बनाओ या टोल हटाओ।’ इसके साथ यह भी लिखा गया कि ‘आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा।’ बदमाशों ने नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे उन्हें अपने फ्लैट बेचने पड़ें, लेकिन ग्वालियर-भिंड हाईवे का काम तुरंत शुरू होना चाहिए। चिट्ठी में धमकी दी गई है कि अगर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। अंत में लिखा है- ‘सरकार अंधी हो चुकी है।’ टोल प्लाजा के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टोल प्लाजा के सभी सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 80 किलोमीटर का हाईवे, आए दिन हो रहे हादसे ग्वालियर से भिंड के बीच करीब 80 किलोमीटर लंबा हाईवे हादसों के लिए कुख्यात हो चुका है। इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोगों की जान जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क और बढ़ते ट्रैफिक के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। हाईवे को सिक्स लेन बनाने की मांग कई सालों से की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर संत समाज, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों ने कई बार धरना-प्रदर्शन किए हैं और प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है। 16 फरवरी को हुई थी आकाश भदौरिया की मौत चिट्ठी में जिस आकाश भदौरिया का जिक्र किया गया है, उसकी मौत करीब सात दिन पहले एक सड़क हादसे में हुई थी। आकाश भदौरिया, भिंड के विनोद नगर का रहने वाला था और उसकी उम्र 24 साल थी। जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी की शाम आकाश अपने बड़े भाई के साथ बाइक से अटेर जा रहा था। इसी दौरान बायपास पर तेज रफ्तार एक टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि टैंकर चालक टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर फरार हो गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सुरक्षा की मांग को लेकर हो चुके कई आंदोलन ग्वालियर-भिंड हाईवे को सिक्स लेन बनाने और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन हो चुके हैं। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन लंबे समय से इस सड़क को लेकर अपनी मांग उठाते आ रहे हैं। 29 दिसंबर 2026 को भी बरेठा (मालनपुर) टोल प्लाजा पर संत समाज ने एक दिवसीय टोल फ्री आंदोलन किया था। इस दौरान वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया गया और सड़क निर्माण की मांग को जोर-शोर से उठाया गया।