भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ आज भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल है। भोपाल के जवाहर चौक पर होने वाली इस चौपाल को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे। जवाहर चौक के सामने अटल पथ के दोनों तरफ की सड़कों पर बड़ा डोम लगाया गया है। कांग्रेस का दावा है कि करीब 50 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से होगा। महाचौपाल की तैयारियां पूरी होने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भास्कर से कहा- इस ट्रेड डील से किसानों की गर्दन ट्रम्प की तलवार पर रख दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीन काले कानून वापस लेने पडे़ थे। वैसे ही यह ट्रेड डील भी वापस लेना पड़ेगी। राहुल-खड़गे के साथ मंच पर 250 नेता बैठेंगे मंच पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ करीब 250 नेता बैठेंगे। इनमें एमपी कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट के नेशनल चेयरमैन पवन खेड़ा भी रहेंगे। साथ ही पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, एमपी के सभी कांग्रेस विधायक, तीनों राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, अशोक सिंह, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के मेंबर और सभी 71 जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैठेंगे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सीईसी मेंबर भी शामिल होंगे। तीन दिन की तैयारी में लाखों लोग जुटेंगे: पटवारी मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- देश के हर किसान को चाहे वह भाजपा की विचारधारा को एक्सेप्ट करता हो, लेकिन जो किसान खेती से जुड़ा है। उसे ये एहसास हो गया है कि नरेंद्र मोदी ने दबाव में आकर ट्रेड डील की है। उसी का असर है कि तीन दिन की तैयारी में लाखों लोग भोपाल आ रहे हैं। 21 फरवरी को यह तय हुआ कि 24 को भोपाल में चौपाल होगी। उसमें लाखों की तादाद में लोग आएंगे। भोपाल की सड़कें पट जाएंगी। ये अपने आप में मैसेज है कि ये ट्रेड डील देश विरोधी, किसान विरोधी है। नरेंद्र मोदी दबे हुए हैं। उन्होंने कंप्रोमाइज किया है। दुनिया भर में चल रही सेक्स फाइल का भी इस डील पर असर पड़ा है। यह कोई इल्जाम नहीं है। ट्रम्प ने एक बार कहा था कि मैं नरेंद्र मोदी का पॉलिटिकल करियर खत्म नहीं करना चाहता। यह हमारे देश की बेइज्जती है। PM का अपमान होगा तो हर भारतवासी को गुस्सा आएगा जीतू पटवारी ने कहा- आखिर नरेंद्र मोदी हमारे प्रधानमंत्री हैं। उनके खिलाफ विदेश का कोई राष्ट्राध्यक्ष इस तरह की बात करता है तो भारत के हर नागरिक को गुस्सा आएगा, लेकिन सवाल यह है कि इस पर नरेंद्र मोदी ने कोई बयान क्यों नहीं दिया। इस ट्रेड डील से किसानों की गर्दन ट्रम्प की तलवार पर रख दी गई है। ट्रेड डील से एमपी के 70 फीसदी किसान प्रभावित जीतू पटवारी ने कहा- राहुल जी और खड़गे जी को धन्यवाद। इस ट्रेड डील से सबसे ज्यादा किसान अगर कहीं प्रभावित हुए हैं तो मप्र में हुए हैं। सोयाबीन उत्पादक किसान सबसे ज्यादा हमारे यहां के हैं। हम सोया स्टेट थे। कपास, मक्का सबसे ज्यादा यहां पैदा होते हैं। 70% किसान इससे प्रभावित हैं तो उन्होंने मप्र को सबसे पहले चुना। मेरी और उनकी आपस में बात हुई। पार्टी ने निर्णय लिया और अब हम किसान की लड़ाई लड़ेंगे। शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र से करेंगे लड़ाई की शुरुआत जीतू पटवारी ने कहा- यहां के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देश के कृषि मंत्री हैं। जब अमेरिका के कृषि मंत्री का बयान आया तो उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी को बहुत साधुवाद वो विश्व के ऐसे नेता हैं कि जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने भारत के किसानों को बचा लिया। क्या भारत के किसानों की कोई गर्दन पकड़कर हत्या कर रहा था? अगर बचा लिया तो जीरो प्रतिशत टैरिफ के एग्रीकल्चर प्रोडक्शन आएगा। 18% टैरिफ पर यहां से अमेरिका जाएंगे। हम विदिशा, बुधनी से यह किसान संवाद यात्रा शुरू करेंगे। प्रदेश का हर नेता कार्यकर्ता इसे आगे लेकर जाएंगे। जैसे नरेंद्र मोदी को तीन काले कानून वापस लेने पडे़ थे। वैसे ही ये ट्रेड डील भी वापस लेना पड़ेगी।
पार्किंग और डायवर्जन प्लान जारी यातायात पुलिस ने व्यापक पार्किंग और डायवर्जन प्लान जारी किया है। मंच पर बैठने वाले करीब 200 विशिष्ट अतिथियों के वाहन रंगमहल चौराहा से यादव मेडिकल तिराहा, काटजू तिराहा और राजस्थान स्वीट्स तिराहा होते हुए मॉडल स्कूल के पास ड्रॉप किए जाएंगे। इसके बाद वाहन तय स्थल पर पार्क होंगे। रूट प्लान इंदौर, उज्जैन, आष्टा, सीहोर की ओर से आने वाले वाहन सीहोर बायपास से बिल्किसगंज-झागरिया, रातीबड़, भदभदा, डिपो चौराहा होते हुए लाड़ली लक्ष्मी पार्क (अटल पथ) पर पार्किंग कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। नर्मदापुरम मार्ग से आने वाले वाहन आरआरएल ओवरब्रिज, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, मान सरोवर, लिंक रोड-2, माता मंदिर, प्लैटिनम प्लाजा होते हुए लाड़ली लक्ष्मी पार्क (अटल पथ) में पार्किंग करेंगे। रायसेन, सागर रोड की ओर से पटेल नगर, आईटीआई तिराहा, प्रभात चौराहा, सुभाष ओवरब्रिज, बोर्ड ऑफिस, लिंक रोड-1, अपेक्स तिराहा, जैन मंदिर होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के बायीं ओर पार्किंग रहेगी। राजगढ़ (ब्यावरा), गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, विदिशा की ओर से मुबारकपुर, गांधी नगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, रेतघाट, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाणगंगा होते हुए टीटी नगर दशहरा मैदान में वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचना होगा। ये रहेंगे प्रमुख डायवर्जन
मोदी-ट्रम्प डील के खिलाफ कांग्रेस की किसान चौपाल आज:भोपाल में राहुल-खड़गे शामिल होंगे; जीतू बोले- किसानों की गर्दन ट्रंप की तलवार पर रखी
