हांसी में हाईवे पर रोडवेज बस-ट्रक की टक्कर:एक की मौत, 13 यात्री घायल; भिवानी से जींद जा रही थी बस

Spread the love

हरियाणा के हांसी शहर में नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। भिवानी से जींद जा रही हरियाणा रोडवेज बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। घायलों में बास खुर्द निवासी राहुल, जींद के बीबीपुर निवासी प्रदीप, गांव बादशाहपुर का सतबीर, बीबीपुर जींद निवासी विक्रम, जींद के विकास नगर निवासी सुरेंद्र, भकलाना निवासी जिले सिंह, भकलाना निवासी पालेराम, मंगल, सिवानी बोलान निवासी जयप्रकाश, एमपी के रहने वाला रामगोपाल, पत्नी कुसुम और बेटी चाहत और धर्मखेड़ी निवासी मोहित शामिल हैं। घायलों को हांसी के नागरिक अस्पताल और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मूंढाल फ्लाईओवर से दो किमी आगे हादसा रात करीब 8 बजे भिवानी से जींद के लिए रवाना हुई रोडवेज बस मूंढाल फ्लाईओवर से लगभग 2 किलोमीटर आगे पहुंची थी। तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामान्य अस्पताल हांसी पहुंचाया गया। घायल अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और महम अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल, हादसे में घायल लोगों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।