पर्ल चौधरी हरियाणा कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष बनीं:पटौदी से विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं, बोलीं- महिलाओं की आवाज बनकर काम करूंगी

Spread the love

हरियाणा कांग्रेस ने पर्ल चौधरी को महिला कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार शाम को कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से आदेश जारी किए गए। इससे पहले, सुधा भारद्वाज महिला प्रदेश अध्यक्ष थीं। पर्ल चौधरी ने 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पटौदी से चुनाव लड़ा था। हालांकि, यह चुनाव वह भाजपा की बिमला चौधरी से हार गई थीं। पर्ल के पिता स्व. भूपिंदर चौधरी साल 2005 में पटौदी से कांग्रेस विधायक बने थे। नियुक्ति के बाद दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में पर्ल चौधरी ने कहा- ‘मैं प्रदेश की महिलाओं की आवाज बनकर काम करूंगी और पार्टी को मजबूत बनाऊंगी’। पर्ल चौधरी की नियुक्ति के ऑर्डर… खुद वकील, पति सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर्ल चौधरी का जन्म 18 फरवरी 1976 को हुआ था। उनका परिवार पटौदी में ही रहता है। वह पेशे से वकील हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट का माना जाता है। उनके पति परमेश रंजन सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उन्होंने IIT दिल्ली से पढ़ाई की थी। पर्ल और परमेश की 2 बेटियां हैं, जो अमेरिका में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। कुमारी सैलजा बोलीं- संगठन को सशक्त दिशा मिलेगी सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने पर्ल चौधरी को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट की। सैलजा ने लिखा- ‘पर्ल चौधरी को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में महिला कांग्रेस संगठन को सशक्त दिशा मिलेगी तथा प्रदेश की महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सहभागिता की आवाज को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।’