जींद जिले में उचाना के 40 फुटा रोड पर हार्डवेयर सेनेटरी स्टोर में देर रात आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। सुबह एक राहगीर ने स्टोर से धुंआ निकलता देखा तो इसकी सूचना दुकानदार को दी। दुकानदार सुमित ने बताया कि उसकी जय हनुमान 40 फुटा रोड पर जय हनुमान हार्डवेयर सेनेटरी स्टोर है। उसने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे उन्हें किसी राहगीर का फोन आया, जिसने दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचा। उसने स्टोर का शटर उठाकर देखा तो अंदर भीषण आग लगी हुई थी। इस आग में दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग लगने का कारण साफ नहीं दुकानदार के भतीजे संदीप जांगड़ा के अनुसार, आग से करीब 30 से 35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का सही कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। सुबह जब दुकान खोली गई, तो अंदर की लाइटें जल रही थीं। स्टोर में जहां तक आग पहुंची, वहां का सामान जल गया और जहां आग नहीं पहुंच पाई, वहां गर्मी से सामान पिघल गया। लाखों का सामान जला आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक लाखों का सामान खाक हो चुका था। रात 12 बजे आग लगने की आशंका माना जा रहा है कि आग रात करीब 12 बजे के बाद लगी होगी, क्योंकि सुबह जब सूचना मिली तब तक नुकसान काफी हो चुका था। पुलिस और प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
जींद में हार्डवेयर स्टोर में आग लगी:लाखों का सामान जला; सुबह राहगीर ने धुंआ निकलता देखा, कारण स्पष्ट नहीं
