सोनीपत में पुलिस ASI ने की आत्महत्या:पिस्तौल से खुद को मारी गोली; पत्नी खाना बना रही थी, चुन्नी से खून रोकने का प्रयास

Spread the love

सोनीपत पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में देर रात पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) ने सुसाइड कर लिया। वे इस समय पुलिस लाइन में तैनात थे। एएसआई रात को खुद को गोली मार ली। घटना के समय उनकी पत्नी उनके लिए खाना तैयार कर रही थीं। घटना की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस छानबीन में लगी है। जानकारी के अनुसार, एएसआई जसबीर सिंह रात करीब 12:00 बजे ड्यूटी के बाद अपने क्वार्टर (B-1) पहुंचे थे। उनके आने के बाद उनकी पत्नी रसोई में खाना बनाने चली गईं। इसी बीच कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज आई। पत्नी जब भागकर कमरे में पहुंचीं, तो देखा कि जसबीर लहूलुहान हालत में पड़े थे। उनकी कनपटी पर गोली लगी थी। सिर से खून निकल रहा था। बेबस पत्नी ने अपने पति के बह रहे खून रोकने के लिए अपनी चुन्नी उतारकर उनके सिर पर बांधी, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मोके पर पहुंची और छानबीन शुरू की गई। पुलिस के आलाधिकारियों को भी घटना की सूचना दी गई। परिवार को विदेश से बेटे के आने का इंतजार मृतक जसबीर सिंह मूल रूप से सोनीपत जिले के ही गांव सिटावली के रहने वाले थे। फिलहाल पत्नी के साथ पुलिस लाइन के क्वार्टर में ही रह रहे थे। वे अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस घटना ने पुलिस महकमे के साथ परिवार को भी सबको झकझोर दिया है। दो बच्चों के पिता: जसबीर सिंह दो बच्चों के पिता थे। इनमें एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी: जसबीर ने करीब एक साल पहले ही अपनी बेटी की शादी की थी। इसके लिए सोनीपत पुलिस लाइन में ही प्रोग्राम रखा गया था। बेटा विदेश में: जसबीर सिंह का एक बेटा भी है। उनका बेटा फिलहाल विदेश में पढ़ाई कर रहा है। पिता की मौत की सूचना उनको दे दी गई है। परिवार को अब उनके घर लौटने का इंतजार है। कल होगा पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार पुलिस ने बताया कि जसबीर के शव को सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। चूंकि उनका बेटा विदेश में है, इसलिए उसके भारत लौटने का इंतजार किया जा रहा है। बेटे के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसके बाद ही अंतिम संस्कार संपन्न होगा। 2 साल से पुलिस लाइन में थे तैनात, जांच जारी जसबीर सिंह पिछले 2 साल से पुलिस लाइन में कार्यरत थे और वर्तमान में ट्रैफिक विंग का हिस्सा थे। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अब पत्नी के बयानों और जसबीर के कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उन्होंने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।