भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरते प्रशासन, आपातकाल से निपटने के हों पूरे इंतजाम : जयराम ठाकुर

Spread the love

भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरते प्रशासन, आपातकाल से निपटने के हों पूरे इंतजाम : जयराम ठाकुर

शिमला, 30 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लोगों से एहतियात बरतने और प्रशासन से आपदा से निपटने की पूरी तैयारी रखने का आग्रह किया है। शिमला से सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और नदी-नालों के पास न जाएं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मानसून की शुरुआत से ही राज्य में भारी तबाही हो रही है। कई स्थानों पर बादल फटने और नदियों के उफान से जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से अपील की कि आपदा जोखिम को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और राहत कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां से लोगों को समय रहते हटाया जाए और पर्यटकों सहित आमजन को प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से रोका जाए। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता दी जाए और प्रदेश का आपदा तंत्र पूरी तरह सतर्क और सक्रिय बना रहे।

प्रदेशवासियों से उन्होंने संयम और सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा ही सर्वोपरि है।

—————