राजस्थान में कोहरा, तापमान 10 डिग्री लुढ़का:MP में 25 जिलों में बारिश, हरियाणा में ओले गिरे; उत्तराखंड के केदारनाथ में बर्फबारी

Spread the love

देश के कई राज्यों में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। राजस्थान में पिछले दो दिन के दौरान बारिश के साथ ओले गिरे। इससे दिन के तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई। गुरुवार को कई जिलों में घना कोहरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य प्रदेश के 25 जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। ग्वालियर समेत 8 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। भोपाल-इंदौर में बादल छाए रहने के आसार हैं। हरियाणा के भिवानी-रेवाड़ी में कल बारिश के साथ ओले गिरे। इससे तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब और चंडीगढ़ में इस सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तराखंड में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बर्फबारी हुई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2–3 दिन उत्तर और मध्य भारत में कहीं बारिश तो कहीं साफ आसमान और तेज धूप का दौर जारी रहेगा। मौसम की 2 तस्वीरें… राज्यों में मौसम का हाल… उत्तराखंड: दो दिन बाद बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में होगी बर्फबारी, केदारनाथ समेत 3 जिलों में गिरी बर्फ उत्तराखंड में 20 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और प्रदेश में ठंड का असर जारी रहने की संभावना है। 19 फरवरी को प्रदेश के 3 जिलों में बर्फबारी हुई। इनमें पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाके शामिल हैं। इसके अलावा 7 जिलों में बारिश हुई।वहीं, 22 से 24 फरवरी तक 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे, आज से तापमान बढ़ेगा, दिन में तेज होगी धूप बारिश-ओलावृष्टि से राजस्थान में पारा गिरने से राज्य में सर्दी बढ़ गई। गुरुवार राज्य के अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। इससे राज्य में सुबह-शाम मध्यम और दिन में हल्की सर्दी रही। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में अगले एक-दो दिन में तापमान बढ़कर सामान्य से ऊपर जाएगा, जिससे सुबह-शाम की सर्दी से भी कम हो जाएगी और दिन हल्के गर्म होने लगेंगे। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: फरवरी में चौथी बार बदलेगा मौसम, 24 घंटे में 80 शहरों में बरसा पानी, 23-24 को फिर अलर्ट साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में आंधी-बारिश हुई। वहीं, उज्जैन, मंदसौर समेत कई जिलों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से अगले 3 दिन के लिए कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन 23-24 फरवरी को फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो 25 जिलों के करीब 80 शहर और कस्बों में बारिश दर्ज की गई। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 6 शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान, दिन के तापमान में 3.7 डिग्री की बढ़ोतरी हरियाणा में 18 फरवरी को हुई बारिश का असर अब भी दिख रहा है। बारिश के कारण बढ़ी नमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं से रात के तापमान में गिरावट देखी गई है। न्यूनतम तापमान में औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे रातें ठंडी हो गई हैं। वहीं, 6 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। तेज धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: सर्दी आखिरी चरण में, आज दिन में ठंडी हवाएं चलेंगी, तेज धूप रहेगी, बारिश की संभावना नहीं पंजाब और चंडीगढ़ में अब ठंड लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके साथ ही तापमान बढ़ने लगेंगे। आज शुक्रवार को पहाड़ों की तरफ से बर्फीली तेज हवाएं आएंगी। इस वजह से दिन में तेज धूप रहने के बावजूद सर्दी का अहसास जरूर होगा। वहीं, न्यूनतम तापमान थोड़ा गिर सकता है। मौसम अब ड्राई रहेगा। 25 तारीख तक कोई बारिश या अन्य एक्टिविटी नहीं है। पूरी खबर पढ़ें…