आधी रात पुलिस से भाग रहे युवकों का एक्सिडेंट, VIDEO:पहले कार को टक्कर मारी, फिर फूलों की दुकान में घुसी, SHO बोले-हमें तो शिकायत नहीं मिली

Spread the love

हरियाणा के भिवानी में आधी रात पुलिस से बचने की कोशिश में दो युवकों की गाड़ी का एक्सिडेंट हो गया। तेज रफ्तार गाड़ी पहले बुरी तरह दूसरी कार से टकराई और फिर आगे जाकर फूल की दुकान में जा घुसी। टक्कर होते ही तेज धमाके जैसी आवाज आती है। घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में तेज रफ्तार कार दुकान से टकराने के बाद पुलिस की गाड़ी उनके पीछे आते दिखती है। तभी गाड़ी में सवार दोनों युवक निकलकर भागते दिखते हैं। पुलिसकर्मी भी उनका पीछा करते हैं। हादसे में कार और फूलों की दुकान को काफी नुकसान हुआ। वहीं, मामले में पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है। सिटी थाना के एसएचओ नरेंद्र कुमार से जब मामले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमें तो कोई शिकायत ही नहीं मिली है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… नया बाजार का मामलाः दरअसल, मामला भिवानी के नया बाजार का है। यहां फूलों की दुकान के मालिक विवेक ने बताया कि घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। वह रात को सोए हुए थे और रात को चौकीदार का फोन आया। इसके बाद वह नीचे उतरकर आया तो देखा कि गाड़ी क्षतिग्रस्त की हुई है। गाड़ी को बड़ा नुकसान हुआः चौकीदार ने बताया कि रात को तेज रफ्तार में कार ने टक्कर मारी है। जिसमें 2 व्यक्ति थे, जो भाग गए। इसके बाद वे थाने में गए थे। उसकी गाड़ी में करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। गाड़ी का अगला हिस्सा पूरा टूट गया। SHO बोले- हमें शिकायत नहीं मिलीः सिटी थाना के एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक इसकी शिकायत नहीं मिली है। जो भी शिकायत मिलेगी उसके आधार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि युवक पुलिस से बचकर क्यों भाग रहे थे।