8वीं तक टेट्रा पैक दूध फ्री…15,000 शिक्षकों की भर्ती होगी:एमपी में लाड़ली बहनों के लिए 23,882 करोड़ का बजट; विधायक निधि नहीं बढ़ाने पर हंगामा

Spread the love

मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को डॉ. मोहन यादव सरकार का तीसरा बजट पेश किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 का ये बजट 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपए का है। देवड़ा ने करीब 1 घंटे 30 मिनट का बजट भाषण दिया। उन्होंने कहा- ये बजट GYANII के स्वरूप में है। इसमें गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान), नारी, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियलाइजेशन पर फोकस है। इनके लिए 3 लाख करोड़ रुपए यानी कुल बजट के बड़े हिस्से का प्रावधान किया गया है। देवड़ा ने कहा- एमपी में यह पहला रोलिंग बजट है। 2028 में होने वाले सिंहस्थ के लिए 3060 करोड़ का विशेष प्रावधान किया गया है। विधायक निधि नहीं बढ़ाने पर विपक्ष ने हंगामा कर दिया। स्व-सहायता समूह, उज्ज्वला योजना समेत नारी कल्याण की विविध योजनाओं के लिए 1 लाख 27 हजार 555 करोड़ के प्रावधान किए हैं। वर्किंग वूमन के लिए 5700 हॉस्टल बनाए जाएंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास के लिए 40062 करोड़ रुपए की घोषणा की। दरअसल, 2027 में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव होने हैं। लाड़ली बहनों के लिए 23,882 करोड़ के प्रावधान का ऐलान किया। युवाओं के लिए 15 हजार शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया। 8वीं तक के बच्चों को फ्री टेट्रा पैक दूध देने की घोषणा की। प्रदेश में कोई नया टैक्स नहीं लगेगा। वित्त मंत्री देवड़ा ने जी राम जी के लिए 10428 करोड़ और पीएम जनमन के लिए 900 करोड़ रुपए के प्रावधान का ऐलान किया। वहीं, 1 लाख किसानों को सोलर पंप देने की घोषणा की। इसके अलावा श्रम विभाग के लिए 1 हजार 335 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है। सड़कों की मरम्मत के लिए 12690 करोड़, जल जीवन मिशन के लिए 4 हजार 454 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। पीएम के सपने को साकार करने वाला बजट: देवड़ा मोहन यादव सरकार का तीसरा बजट 5 ग्राफिक स्लाइड्स के जरिए पढ़िए… विधायक निधि नहीं बढ़ाने पर विपक्ष का हंगामा बजट भाषण के दौरान सदन में कांग्रेस विधायकों ने विधायक निधि बढ़ोतरी नहीं किए जाने के कारण बजट भाषण के दौरान हंगामा किया। बजट भाषण पर सवाल उठाए। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधायकों को शांत होकर अपनी सीट पर बैठने के निर्देश दिए। वहीं, कांग्रेस विधायक सरकार पर कर्ज के विरोध में खाली डिब्बे और गुल्लक लेकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य का कर्ज लगातार बढ़ रहा है। विरोध के दौरान कांग्रेस नेताओं ने तख्तियां पकड़ी हुई थीं, जिन पर लिखा था कि कर्ज बजट से ज्यादा है, फिर आप कहते हैं कि सब ठीक है। क्या होता है रोलिंग बजट
रोलिंग बजट प्रणाली में हर साल या तय अवधि के बाद आगे की अवधि को जोड़ते हुए बजट लगातार अपडेट किया जाता है। बजट एक बार बनाकर छोड़ नहीं दिया जाता, बल्कि हर साल नई परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार उसमें बदलाव किया जाता है। आगे के वर्ष जोड़े जाते रहते हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि सरकार ने 2026–27, 2027–28 और 2028–29 का तीन साल का बजट बनाया है, तो 2027–28 आते ही 2026–27 की अवधि बजट से हट जाएगी। उसकी जगह नया वर्ष 2029–30 जोड़ दिया जाएगा। इस तरह बजट हमेशा आने वाले तीन वर्षों के लिए तैयार रहता है। मिड डे मील में टेट्रा पैक दूध, दैनिक भास्कर ने पहले ही बता दिया था बजट से दो दिन पहले ही दैनिक भास्कर डिजिटल ने अपनी मंडे स्पेशल स्टोरी में यह खुलासा कर दिया था कि मध्य प्रदेश सरकार बच्चों को मिड डे मील के साथ टेट्रा पैक दूध देने की घोषणा कर सकती है। अब बजट में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने इस पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। सरकार ने पहली से आठवीं तक के छात्रों को मुफ्त टेट्रा पैक दूध देने की घोषणा की है। इस योजना से प्रदेश के करीब 98.37 लाख स्कूली बच्चों और आंगनवाड़ियों में पढ़ने वाले 3 से 6 वर्ष आयु के लगभग 48 लाख बच्चों को लाभ मिलेगा। बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है। अब मध्यान्ह भोजन के साथ टेट्रा पैक दूध भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण एवं पंचायत विभाग और मध्यप्रदेश दुग्ध महासंघ के बीच एमओयू साइन किया जाएगा। जनता से विश्वासघात वाला बजट: कमलनाथ 5 तस्वीरों में देखिए मोहन सरकार का तीसरा बजट… मोहन यादव सरकार के तीसरे बजट से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से होकर गुजर जाइए…