रोहतक में मामा ने भांजे की हत्या की:झज्जर से किडनैप कर लाया, पजामे के नाड़े से गला दबाया, गड्‌ढे में दफनाया शव

Spread the love

रोहतक के IMT क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की मामा ने हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव 5 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया। युवक झज्जर का रहने वाला था और 29 दिसंबर को लापता हुआ था। झज्जर पुलिस ने इस मामले में युवक की मां के मामा के बेटे को गिरफ्तार किया है। वह परिवार को वॉट्सएप मैसेज भेजकर डरा रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ही युवक का शव बरामद किया। उसने 5 जनवरी को पजामे के नाड़े से गला दबाकर युवक की हत्या की थी। IMT थाना पुलिस ने युवक का शव PGI में रखवा दिया है। अभी उसका पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि युवक की हत्या क्यों की गई। आरोपी को 7 दिन के रिमांड पर लिया गया है। झज्जर CIA टीम मामले की जांच कर रही है। जानिए यशु चाहर के लापता होने से शव मिलने तक की कहानी…. BA सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था मृतक की पहचान झज्जर के सिलानी केसो गांव के यशु चाहर (19) के तौर पर हुई है। वह झज्जर के नेहरू कॉलेज में BA सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। यशु के घर में मां बबीता और बड़ा भाई अंकित है। अंकित भारतीय सेना में है। यशु भी सेना में जाना चाहता था। वह कॉलेज की NCC टीम में शामिल था। 2008 में पिता का निधन हुआ चाचा संदीप ने बताया कि यशु के पिता विरेंद्र सिंह का 2008 में निधन हो गया था। वह भी भारतीय सेना में थे। लेह में ड्यूटी के दौरान उन्हें पैरालिसिस अटैक आया था। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें घर ले आए थे। 2 साल बाद बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। यशु के नंबर से 3 बार मैसेज आए यशु के ताऊ सत्यपाल ने बताया कि 29 दिसंबर को यशु लापता हुआ था। 18 जनवरी को यशु के वॉट़्सएप नंबर से परिवार को एक मैसेज आया। मैसेज करने वाला परिवार को डरा रहा था। 26 जनवरी को मैसेज कर कहा कि अगर यशु से बात करनी है तो मोबाइल में रिचार्ज कराओ। इसके बाद 15 फरवरी को आखिरी बार मैसेज आया और कुछ रिश्तेदारों के नाम बताए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया परिवार ने बताया कि यशु के नंबर से आए वॉट्सएप मैसेज के आधार पर पुलिस ने जांच की। लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने इंदरसेन को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर सोमवार रात 8 बजे रोहतक के IMT थाना क्षेत्र से यशु का शव बरामद हुआ। जब यशु लापता हुआ तो आरोपी इंदरसेन बीच-बीच में घर आकर सांत्वना देने की एक्टिंग भी कर रहा था।
अब जानिए कौन है आरोपी…. 5 जनवरी को हत्या की CIA टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर कर्मवीर ने बताया कि जांच के दौरान टीम ने इंदरसेन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इंदरसेन यशु की मां के मामा का बेटा है। वह बाघपुर स्कूल में टीचर है। उसे पता था कि यशु नेहरू कॉलेज में पेपर देने आएगा। वह यशु को बहाने से अपने साथ ले गया। आरोपी ने पहले यशु को नींद की गोलियां देकर स्कूल के एक कमरे में बंद रखा। इसके बाद 5 जनवरी को पजामे के नाड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहले से गड्‌ढा खोद रखा था CIA इंचार्ज ने आगे बताया कि घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रोहतक IMT के सुनसान इलाके में पहले से गड्ढा खोद रखा था, जहां शव को दफना दिया गया। पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 7 दिन के रिमांड पर लिया गया है। वारदात में प्रयोग कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है।