हरियाणा के कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला 28 दिन पहले का है, जब कांग्रेस विधायक ने एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह को झुनझुना थमा दिया था। विधायक बीडीपीओ चीका परिसर में दुकानों के निर्माण से संबंधित मामले में विरोध प्रदर्शन करने के लिए एसडीएम कार्यालय गुहला पहुंचे। आरोप है कि यहां उनकी एसडीएम से काफी बहस हुई थी। बहस बढ़ने पर हंस ने एसडीएम को झुनझुना थमाते हुए कहा था- पकड़ो और जाकर बजाते रहो। इसकी शिकायत एसडीएम ने पुलिस के आला अधिकारियों से की थी, जिस पर अब केस दर्ज किया गया है। इसमें विधायक के अलावा उनके चार साथियों को भी नामजद किया गया है। इस संबंध में गुहला डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि एसडीएम की शिकायत पर विधायक और उनके साथियों पर मानहानि, धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। पहले जानिए उस विवाद के बारे में, जिससे मामला शुरू हुआ… 19 जनवरी को दुकानों के मामले में किया था प्रदर्शन: गुहला से वर्तमान विधायक कांग्रेस देवेंद्र हंस 19 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 1:50 बजे अन्य लोगों के साथ गुहला स्थित बीडीपीओ चीका परिसर में दुकानों के निर्माण से संबंधित मामले में विरोध प्रदर्शन करने के लिए एसडीएम कार्यालय गुहला पहुंचे थे। इस दौरान उनकी एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह से बहस हुई थी। रिश्वत लेने का लगाया था आरोप: विधायक देवेंद्र हंस ने आरोप लगाया था कि सरकारी जमीन को खुर्दबुर्द करने और दुकानों की लंबाई बढ़ाने की एवज में भारी भरकम राशि ली गई। शहर की प्राइम लोकेशन शहीद ऊधम सिंह चौक पर चीका का BDPO ऑफिस बना हुआ है। इस परिसर के पिहोवा और पटियाला रोड की तरफ दुकानें बनी हुई हैं। पहले पिहोवा रोड की तरफ बनी 8 दुकानों की लंबाई 10 फीट के आसपास थी। बिना मंजूरी दुकानों की लंबाई बढ़ाई: विधायक ने आरोप लगाया था कि दिसंबर महीने में सरकार से मंजूरी लिए बिना दुकानों की लंबाई बढ़ाई गई। निर्माण कार्य छुट्टी वाले दिन किया गया। इस संबंध में जब लोगों ने शिकायत दी तो गुहला के SDM कैप्टन प्रमेश सिंह को जांच का जिम्मा दिया गया। SDM ने अपनी जांच में निर्माण कार्य को गलत ठहराते हुए निर्माण रोकने के आदेश सुना दिए थे। SDM ने आश्वासन के बाद कार्रवाई नहीं की: देवेंद्र हंस ने कहा था कि जब वे SDM से मिलने गए तो मामले की जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरकार में बैठे लोग अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर सरकारी जमीन को खुर्द बुर्द कर रहे हैं और जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना दिया जाएगा। विवाद के बाद SDM कैप्टन प्रमेश सिंह ने कही थी ये बातें… जांच के बाद काम रुकवाने के आदेश जारी किए थे
विधायक से बहस के बाद SDM कैप्टन प्रमेश सिंह ने बताया था कि शिकायतकर्ताओं ने अक्टूबर व दिसंबर महीने में दुकान निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने बीडीपीओ कार्यालय व उपमंडल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि इस कार्य को तुरंत प्रभाव से रोककर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मामले की जांच करने की मांग की थी। इस शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को कार्य रुकवाने के आदेश जारी किए गए थे। चेयरपर्सन ने लंबाई-किराया बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया
SDM ने बताया था कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इस मामले की पूरी जांच की गई। जांच में पाया गया कि विकास एवं पंचायत विभाग, हरियाणा के 22 जनवरी 2025 के निर्देशों के अनुसार पंचायत समिति उक्त कार्य करने में सक्षम है। निर्माणाधीन जमीन भी बीडीपीओ गुहला कार्यालय के अधीन आती है। पंचायत समिति की चेयरपर्सन ने पंचायत समिति की बैठक के दौरान उक्त दुकानों की लंबाई बढ़ाने और किराया बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया था। पंचायत समिति के कार्यों के निष्पादन की शक्तियां कार्यकारी अधिकारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के पास होती हैं। पंचायती राज विभाग ने कोई अनियमितता नहीं बरती
SDM ने आगे बताया था कि उपमंडल कार्यालय द्वारा शिकायतकर्ताओं को जांच के दौरान इस मामले में सबूत पेश करने के लिए कहा गया था, परंतु शिकायतकर्ता ने इस मामले में कोई भी सबूत पेश नहीं किए। जांच में पाया गया कि पंचायती राज विभाग द्वारा इस कार्य में कोई भी अनियमितता नहीं बरती गई है। इसके अलावा, बीडीपीओ को भी निर्देश जारी किए गए हैं कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इन दुकानों की लंबाई बढ़ाने से होने वाली आय वित्तीय सिद्धांतों के अनुसार सही हो और सरकारी धन का दुरुपयोग न हो। अब जानिए विवाद के बाद एसडीएम और पुलिस ने क्या किया…. विधायक ने किया था अपमान करने का प्रयास
एसडीएम ने आरोप लगाया था कि गुहला से वर्तमान विधायक कांग्रेस देवेंद्र हंस ने उनको धमकाने और उनके प्रति अपमानजनक शब्द कहने का प्रयास किया। उनका उद्देश्य मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था, साथ ही उन्होंने मुझ पर दबाव डालने की कोशिश की ताकि गुहला स्थित बीडीपीओ परिसर में दुकानों के निर्माण के मामले में की जा रही जांच के परिणाम को प्रभावित किया जा सके। यह सब जानबूझकर किया गया था। जनता के समक्ष गरिमा और अधिकार का हनन हुआ
एसडीएम ने कहा कि हरदीप सिंह, जो कि बदसुई गांव के निवासी हैं, उनसे खिलौना झुनझुना लेकर मुझे सौंप दिया था। विधायक ने उपहासपूर्वक कहा कि मैं प्रशासनिक कर्तव्यों का निर्वाह करने में असमर्थ हूं और मुझे इसके बजाय खिलौनों से खेलना चाहिए। इससे जनता के समक्ष मेरी गरिमा और अधिकार का हनन हुआ। विधायक के साथ दीपक शर्मा, जगजीत सिंह, हरदीप सिंह और हर्ष गर्ग भी इसमें शामिले थे। डीएसएपी बोले- दर्ज कर ली गई है एफआईआर
इस संबंध में गुहला डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि पुलिस ने मामले को असंज्ञेय अपराध मानते हुए रोजनामचा में एंट्री कर न्यायपालिका से जांच के अनुमति मांगी थी। जांच में कुछ तथ्य सामने आए, जिनके लिए कोर्ट को सूचित किया गया। इसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर गई है। अब जांच के दोनों पक्षों को शामिल कर जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। ———————–
ये खबर भी पढ़ें… कांग्रेस विधायक SDM के लिए झुनझुना लाए:कैथल में बोले- पकड़ो और जाकर बजाते रहो; दुकानों का किराया बढ़ाने पर भड़के हंस हरियाणा के कैथल में गुहला चीका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने SDM को बच्चों के खेलने वाला झुनझुना देने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इसे पकड़ो और जाकर बजाते रहो। सोमवार को विधायक देवेंद्र हंस कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चीका BDPO ब्लॉक परिसर में बनी दुकानों की लंबाई और किराया बढ़ाने के विरोध में चीका ब्लॉक डेवलपमेंट पंचायत ऑफिस (BDPO) पहुंचे थे। (पूरी खबर पढ़ें)
हरियाणा के कांग्रेस MLA पर केस दर्ज:कैथल SDM को झुनझुना थमाकर बोले थे- पकड़ो और जाकर बजाते रहो; 4 साथी भी नामजद किए गए
