हिसार के न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन से 9 जनवरी को बाइक लेकर घर से निकले 21 वर्षीय शिवकुमार का शव शनिवार शाम सातरोड सब ब्रांच में डाबड़ा रोड नहर पुल के पास मिला। शव के पैर बाइक के साथ रस्सी से बंधे मिले, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन की रहने वाली संतोष देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शिवकुमार उसके छोटे भाई का बेटा था और पिछले सात साल से उसके पास रह रहा था। 9 जनवरी की शाम वह कुछ सामान लाने की बात कहकर बाइक लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। नहर में पानी घटा तो दिखा शव शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि बालसमंद सब ब्रांच में डाबड़ा रोड नहर पुल के पास एक युवक का शव बाइक के साथ रस्सी से बंधा पड़ा है। नहर में पानी शनिवार को ही कम हुआ था, जिसके बाद लोगों की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना के एएसआई सुनील कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। बाइक के साथ बंधा मिला शव पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि नहर के अंदर पानी में एक शव पड़ा है, जो रस्सी से बाइक के साथ बंधा हुआ था। पुलिस ने मशक्कत के बाद शव और बाइक को बाहर निकाला। इसके बाद रस्सी खोलकर शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि रविवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नहर में बाइक से बंधा मिला लापता छात्र का शव:हिसार में 7 साल से मौसी के पास रह रहा था; हत्या की आशंका
