मंत्री विज के सामने फूट-फूटकर रोई मां:अंबाला में हेड कांस्टेबल ने नशे में बेटी को कार से कुचला था, कुछ घंटे में ही जमानत

Spread the love

अंबाला में रोड एक्सीडेंट में जान गंवाने वाली 24 वर्षीय निकिता बजाज के परिजन शनिवार को मंत्री अनिल विज से मिले। इस दौरान निकिता की मां फूट-फूट कर रोईं। निकिता को कुचलने वाले पुलिस हेड कांस्टेबल (EHC) अमित को कुछ घंटे में ही कोर्ट से जमानत मिल गई थी। अंबाला सिटी के करतारनगर निवासी निकिता की मां को रोता देख मंत्री विज ने अंबाला एसपी अजीत शेखावत से फोन पर बात की। उन्होंने आरोपी पुलिस कर्मी के खिलाफ गैर इरादत हत्या की धारा लगाने को कहा। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने नशे में होंडा सिटी कार चलाते हुए ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी। गुरुग्राम में जॉब करने वाली निकित ई-रिक्शा से गिर गई थी। जिस बाद कार उसके ऊपर से गुजर गई। भीड़ ने हेड कांस्टेबल को पकड़ कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया था। उनका आरोप था कि पुलिस हेड कांस्टेबल को बचा रही है। 11 फरवरी देर शाम हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, हादसा 11 फरवरी देर शाम काली पलटन पुल के पास हुआ। बलदेव नगर चौकी में तैनात ईएचसी अमित कुमार अपनी होंडा सिटी कार से कैंट से सिटी की ओर जा रहा था। गुरुग्राम में एक बड़ी कंपनी में काम करने वाली निकिता एक शादी में शामिल होने अंबाला में अपने घर आई थी। निकिता ई-रिक्शा में भाई हर्ष के साथ बैठकर जा रही थी। ई-रिक्शा में कुल चार सवारियां थीं। सड़क पर गिरी निकिता, कार ऊपर से गुजरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद निकिता सड़क पर गिर गईं और कार का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। ई-रिक्शा में सवार अन्य यात्रियों और परिजनों ने आरोप लगाया कि कार चला रहा पुलिसकर्मी अमित कुमार नशे की हालत में था। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। शादी में शामिल होने आई थी निकिता 24 वर्षीय निकिता अंबाला सिटी के करतार नगर की रहने वाली थीं। एयर हॉस्टेस का कोर्स करने के बाद वह गुरुग्राम की मैक्स इंटरनेशनल कंपनी में नौकरी कर रही थीं। परिजनों के अनुसार, वह हाल ही में अंबाला आई थीं। परिवार में शादी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया पुलिस पर पक्षपात के आरोप परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी पुलिसकर्मी नशे में था और पुलिस उसे बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जाए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।