गुरुग्राम में मोकलवास गांव से लापता हुई 11वीं की स्टूडेंट नेहा की जोहड़ से डेडबॉडी मिल गई है।उसकी डेड बॉडी गांव के श्मशान घाट के पास स्थित जोहड़ में कीचड़ में फंसी मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया है। शुक्रवार को परिजनों को उसकी डायरी मिली थी, जिसमें उसने अपना अंतिम संदेश परिवार के लिए छोड़ा था। उसने अपनी डायरी में लिखा कि “मम्मी-पापा, मुझे माफ कर देना। मैं दादा के पास जा रही हूं। मुझे तलाश मत करना। अगर तलाश करनी ही है तो श्मशान वाले जोहड़ में तलाश कर लेना। जिसके बाद परिजनों ने जोहड़ में तलाश शुरू की। कई घंटे की मशक्कत के बाद जब वह नहीं मिली तो ग्रामीणों ने जोहड़ का पानी खाली करवाया। उसके बाद बॉडी कीचड़ में फंसी मिली। नेहा 11 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे घर से निकली थी। परिवार को लगा कि वह पढ़ाई के लिए अपने कमरे में है, लेकिन सुबह जब कमरा खुला तो वह गायब थी। उसकी स्कूल ड्रेस भी साथ नहीं थी। परेशान परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। वीडियो में नेहा स्कूल यूनिफॉर्म में अकेले सड़क पर चलती दिखी। एक फुटेज में वह मोबाइल पर किसी से बात भी करती नजर आई। उसकी चाल में उदासी साफ झलक रही थी, जैसे मन में कोई भारी बोझ हो। पुलिस ने नेहा के दोस्तों-क्लासमेट्स से पूछताछ की। एक क्लासमेट ने दिल दहला देने वाली बात बताई कि नेहा ने कुछ दिन पहले कहा था कि मैं यहां बहुत परेशान हो गई हूं। अब मैं यहां नहीं चाहती। यह सुनकर परिवार टूट गया। परिवार ने नेहा का सुराग देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गांव भर में पोस्टर लगे, सोशल मीडिया पर अपीलें फैलीं। लेकिन किस्मत ने कुछ और ही लिख रखा था। शुक्रवार को नेहा के कमरे से परिवार को उसकी डायरी मिली। उसमें लिखा संदेश पढ़कर सबकी आंखें नम हो गईं।
गुरुग्राम में लापता 11वीं की स्टूडेंट नेहा की डेडबॉडी मिली:डायरी में लिखा-दादा के पास जा रही हूं, श्मशाम वाले जोहड़ में तलाश कर लेना
