पति के मर्डर के लिए बॉयफ्रेंड से लाई देसी पिस्तौल:हिसार में गोली मारने से पहले अरेस्ट; 2 बेटियों मां, गांव के युवक से अफेयर

Spread the love

दांपत्य कलह जब सनक बन जाए, तो अंजाम कितना भयानक हो सकता है, इसका एक सनसनीखेज मामला हिसार के उकलाना थाना क्षेत्र में सामने आया है। गांव बिठमड़ा में अपने ही सुहाग को मौत के घाट उतारने की फिराक में घूम रही एक महिला को पुलिस ने वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के पास से अवैध देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। ये हथियार उसने अपने दोस्त से लिए थे।
उकलाना थाना पुलिस को सूचना मिली कि बिठमड़ा गांव की रहने वाली सुमन और उसके पति सोनू के बीच मनमुटाव चल रहा है।
बात इतनी बढ़ चुकी है कि सुमन अपने पति की हत्या की साजिश रच रही है और इसके लिए उसने अपने बॉयफ्रेंड से हथियार मंगवाया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय सुमन दो बच्चों की मां है और उसकी दो बेटियां हैं। उसका अफेयर बिठमड़ा गांव के ही रहने वाले नंदलाल के साथ चल रहा है, जो दिहाड़ी मजदूर है। 6 फरवरी को सुमन बिना बताए घर से निकल गई थी और 9 फरवरी को वापस आई। अपनी प्रेमिका को इंप्रेस करने के लिए नंदलाल ने उसे एक देसी पिस्तौल दिया था। सुमन पिछले तीन दिनों से अपने पति सोनू कुमार को मारने के लिए सही मौके का इंतजार कर रही थी। उसने पिस्तौल को एक काले रंग की पॉलिथीन में लपेटकर अपनी शॉल के नीचे छिपा रखा था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में कामयाब हो पाती, पुलिस ने उसे बिठमड़ा गांव से गिरफ्तार कर लिया। उकलाना थाना PSI कुलदीप के अनुसार… महिला सुमन के खिलाफ थाना उकलाना में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस उसे देसी पिस्तोल मुहैया कराने वाले उसके दोस्त को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।