सोनीपत में पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, 4 युवकों की मौत:गाड़ी के उड़े परखच्चे, 2 की हालत गंभीर; बहन की बेटी का भात भरकर रोहतक लौट रहे थे

Spread the love

हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार की देर शाम सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। ये सभी गोहाना के गांव भावड़ में भात भरकर रोहतक लौट रहे थे। मगर, रास्ते में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मौके पर ही चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक सुरक्षित बच गया। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और किसी तरह कार से चारों के शवों और घायलों को निकाला। घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और गांव भावड़ से भात भरकर रोहतक लौट रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया गया है। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की स्पीड 100 से ज्यादा थी। पुलिस का भी कहना है कि तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ है। यहां जानिए कैसे हुआ ये सड़क हादसा… गांवों में पसरा मातम, रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे परिजन
वहीं चार युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव खिडवाली, घुसकानी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शादी की खुशियों में पड़ा खलल, डीजे बंद कराया गया
जानकारी के मुताबिक के गांव भावड़ में जोहरी नंबरदार के बेटे सुरेंद्र की दो लड़कियों की आज शादी है। इसमें एक लड़की की बारात पहले आ चुकी थी, जिसकी विदाई की गई है। वहीं, दूसरी लड़की की बारात अभी कुछ देर बाद पहुंचेगी। मगर, इससे पहले ही हादसा हो गया। इसकी सूचना मिलते ही शादी में ढोल डीजे बंद करवा दिया गया।