यमुनानगर में तीन तलाक बोलकर महिला को घर से निकाला:विवाहिता का आरोप- देवर ने किया रेप, पति ने दवाई देकर कराया गर्भपात

Spread the love

यमुनानगर के सदर थाना क्षेत्र में एक महिला को तीन बार तलाक बोलकर घर से निकालने, मारपीट करने, देवर द्वारा रेप और जबरन गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत और जांच में तीन तलाक की पुष्टि होने के बाद आरोपी पति सहित सास, ससुर, देवर और एक अन्य महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, उसका निकाह वर्ष 2023 में उसमान युवक से हुआ था। शुरुआती कुछ दिनों तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। करीब छह माह बाद उसे पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होने की जानकारी मिली। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और ससुरालियों ने भी पति का साथ दिया। तीन लाख रुपए लाने का बनाया दबाव महिला के अनुसार, गर्भवती होने पर पति उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगा। इनकार करने पर मारपीट की गई और पति ने साफ कह दिया कि वह किसी अन्य महिला से प्रेम करता है और उसी से शादी करेगा। जून 2024 में महिला ने बेटे को जन्म दिया, लेकिन इस दौरान भी ससुराल पक्ष ने कोई देखभाल नहीं की और अस्पताल का खर्च मायके वालों ने उठाया। बाद में उस पर मायके से तीन लाख रुपए लाने का दबाव बनाया गया। पति ने तीन तलाक दिया और देवर ने रेप किया आरोप है कि, 28 अप्रैल 2025 को ससुराल में हुए विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट की गई और पति ने तीन बार तलाक बोलकर संबंध खत्म करने की बात कही तथा उसे घर से निकालने का प्रयास किया। इसके बाद देवर द्वारा गलत नजर रखने और अकेला पाकर रेप करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि धमकी के डर से वह चुप रही, लेकिन बाद में गर्भवती होने पर ससुराल पक्ष ने जबरन दवाई देकर गर्भपात करा दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।